कहानी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
कहानी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 18 दिसंबर 2025

बलमा जी का स्टूडियो

                                                   बलमा जी का स्टूडियो



जिन्दगी जब रात के अन्धेरे बियावान में  स्मृतियों के तलछट में कुछ कुरेदती है ,अक्सर सुख -दुख ,राग -द्वेष की घटनाऐं घण्टा घर की घण्टी की तरह टन -टन-टन बज उठती हैं । ननिहाल का प्राकृतिक परिवेश बड़ा मनोरम था ,कल-कल बहती टौंस नदी में लड़कियों के झुण्ड के साथ नहाना ,कभी मठिया बाबा के दर्शन के लिए ऊँचे सिमेंन्टेड़ पानी की नालियों पर चढ़ कर जाना तो कभी नाना से ढ़ेर सारी पौराणिक कहानियाँ सुनना याद है ,पर आत्मा के किसी भी कोने में उस ज़मीन के प्रति लगाव महसूस नहीं करती ,कारण मामा के गाँव चार बेटियों वाली माँ की घोर उपेक्षा रही । समय के साथ हम परिपक्व हुए और नाते के सारे डोर ननिहाल से टूटते गये ,आखिर सहने की भी एक सीमा होती है ।माँ नाना के मरने तक में नहीं गयी । पर मेरा गाँव सराय मुबारक कुछ ऐसे बसा स्मृतियों में कि आत्मा आज भी वहाँ नित टहल आती है ।मेरे पुरखे सिकन्दर पुर बलिया से यहाँ धरमपुरा के उपधियों द्वारा धियनिया बसाए गये पर समय ने ऐसी करवट ली की बावन गाँव पचोतर में हरिप्रसाद तिवारी ,विन्धेश्वरी तिवारी की तूती बोलने लगी ।इसी प्रभाव में अम्मा के बाबा जो मेरे गाँव के प्राईमरी स्कूल के हेडमास्टर थे प्रभावित हो पहले हमारे कुल में अपनी बेटी ब्याही पीछे बड़ी चालाकी से आजी से बाबूजी की नज़र उतार छ:माह की अम्मा के ब्याह का कौल (वचन) ले गये ।बात आई -गयी और समय चिड़िया के पंख पर बैठा फर्र फर्र उड़ता रहा।

 दरोगाइन गंगोत्री देवी को जान कर काटो तो खून नहीं ,बभनपुरा के लठैत बाभनों में बेटी जाए ,सुन कर सलाके में , आँगन में विलाप करने लगीं ,सास का पैर धर रोतीं -

"काट कर टौंस में फेंक देना जो बेटी को वर न मिले , पर बभनपुरा न ब्याहना अम्मा जी "। 

अम्मा जब बाबूजी से लड़तींं,  रो -रो बतातींं ,कनवा  ले आकर बोर गया। कनवा यानी अम्मा के बड़े चाचा,अम्मा जीती तो सपनों में यहाँ ब्याह न होता ,कहती मेरी बेटी लन्दन जाएगी पढ़ने ,पर ये सारे ख्वाब ,ख्वाब ही रहे ।चार साल की अम्मा को छोड़ नानी स्वर्गसिधार गयीं, दरोगा जी तीनों बेटों को लेकर नौकरी पर बिहार चले गये ।अम्मा रह गयींं चचेरे भाई -बहनों संग गाँव में ।यहाँ अभाव था, संघर्ष था , उपेक्षा थी ।इधर सात साल के बाबूजी भी मातृ स्नेह से वंचित हुए ।कर्कशा भावज की मानसिक यातनाओं के बीच बारह साल के बाबूजी का ब्याह अम्मा से हो गया और सोलहवें में गवना हुआ । दुबले -पतले बाबूजी , भरी- पूरी अम्मा , पूरे कुल की बुढ़ियों में हाय -हाय मच गयी । बाबूजी की चन्द्रकाली फुआ ने ड़ोली से  बहू उतारते ही भाई को उलाहना दिया-

 "गाय संगे बछरु बियह गइलें "। 


अम्मा के गाँव शिक्षा थी ,हमारे घर सात हर की खेती , अम्मा ने पति को मन्त्र दिया -

"पढ़ोगे नहीं तो मेरे भाईयों संग बैठोगे कैसे ", जो तरे -ऊपर पतलो रख फूंक भी दी जाऊं घर में ,पढ़ना न छोड़ना तिवारी जी ।" 

और इस तरह बाबूजी हमारे कुल के पहले पोस्ट ग्रजुएट हुए । आगे परम्परा बन गयी , जिस जमींदार परिवार के लड़के गाँव के प्राथमिक पाठशाला से आगे नहीं पढ़ते थे वहाँ बाबूजी ने इतिहास रचा और रचते चले गये। 
                        परगना पचोतर ,जिला गाजीपुर का छोटा सा गाँव सराय मुबारक देश के तमाम छोटे गाँवों जैसा ही है । लहलहाती खेती , हरे -भरे बाग - बगिचे ,ताल- तलैया ,सगड़ा ,कोली , कोली में साइकिल के पुराने टायर को सिटकुन से मार -मार भगाते नंग- धड़ंग बच्चे ।इनार की जगत पर गोट्टी खेलती खबर- खबर झोंटा खजुआती लड़कियाँ । कुछ कांख में भाई -भतिजे को जांती खड़े हो तमाशा देखतीं तो कुछ डाली में अनजा ले बनिए की दुकान से तेल ,मसाले की खरीद को जातीं । औरतें सुबह शाम नियम से खेतों की ओर निकलती निबटने और ड़हर में रुक कर टोह टक्कड़ इनकी -उनकी लेते चलतीं ।मर्द किसानी से निजात पा रात को चौबे जी के बरामदे में बैठ गायकी करते , कभी फगुवा ,कभी चैता ,कभी भजन -किर्तन ।नवयुवकों का भी अपना मंगल दल था जो समय- समय पर नौटंकी खेलता ।जब बरखा नहीं होती शिव जी की पिंड़ी इनार में रस्सी से लटका रात भर किर्तन होता इस आस में कि अकबका के डूबे रहने पर शिव जी जागेंगे और इन्द्र को ले खेदिया बरखा कराएंगे । इस इलाके में शिव जी का बड़ा महात्यम है , महाहर शिव इलाके के क्षेत्र देवता । सुना है पूरे उत्तर भारत में एक मात्र पंचमुखी शिव लिंग यहीं है ।यही वह जगह है जहाँ दशरथ ने श्रवण को मारा था । अब आप समझ सकते हैं कितना महत्व है यहाँ अड़भंगी भोले का ।मेरे गाँव से कोई एक किलो मीटर की दूरी पर महारे की छोटी सी चट्टी थी उन दिनों ।कुल मिलाकर चार पाँच दुकानें रही होंगीं ।एक किराने की ,एक बिसाते की ,कोने में चाय -पकौड़ी की ,हाँ एक झोला छाप डॉक्टर की भी जो अपनी मोपेड से गाँव -गाँव घूमते ,इलाज करते थे ।उन्ही के बगल में थी कथा नायक बलमा जी का स्टूडियो ।पहली बार जब देखा था बलमा को उम्र कोई चौदह की रही होगी ।शरीर में तमाम तरह के उफान का दौर ।खुद को उम्र से ज्यादा सयाना समझने की जिद में ऐंठी मैं अम्मा का हाथ थामें दुकान के बाहर रखी चौकी पर बैठ गयी ।मरदह से जीप में बोरियों की तरह ठूस कर लाई गयी मैं बैठ कर अभी खुल कर ठीक से साँस भी नहीं ले पाई थी कि अन्दर से दाँत निपोरते ,हाथ में लोटा- गिलास लिए बलमा निकला ।उसे देख मुझे हँसी आ गयी , दूबला -पतला लच- लच बलमा लाल रंग की टी शर्ट और सटकहवा नीला जिंस पहने माथे तक लटकतीं जुल्फें, खैनी सूर्ती के कोप से झौंसी करियाई दंत पंक्तिया।गले में धारीदार ललका गमछा लपेटे आकर सामने खड़ा हो गया ।अम्मा का सोहर कर पैर छू ,गिलास रख , लोटा लिए सामने नल से पानी लेने चला गया । पानी गिलास में ढ़ार कर अम्मा को भेली पानी दिया और मेरी तरफ लोटा बढ़ा कहा -

"बहिनी तुम लोटवे से पी लो।"

भयंकर उमस में ठण्डा पानी पी कर जान में जान आई ।हाल चाल पूछने के बाद बलमा ने पूछा - "गावें कइसे जाऐंगी मलकिन ?"

अम्मा ने कहा- " पैदले ।"

गाँव अभी भी एक किलो मीटर था ,मेरी जान सूख गयी । 
बलमा ने मेरी तरफ देखा और अम्मा से कहा -"चलिए हम छोड़ देंगे।ओनिए जाना है।"


अम्मा तैयार हो गयींं ।हम उसकी फटफटिया राजदूत से जो पूरे रास्ते फटे बाँस के कर्कश भोंपू की तरह बजता रहा ,गाँव के बाहर अपने बाग तक पहुँचे ही थे कि अम्मा ने रोक दिया - 

"राहे द बाबू , अब हम चले जाएगें ।"

अम्मा ने दाँत दिखा उसे आभार व्यक्त किया ।बलमा कभी मुझको देखता ,कभी अम्मा को ,शायद कुछ कहना चाहता था पर कह नहीं पाया ।हम घर आ गये ।अम्मा ने ताला खोला ।हाथ मुँह धो कर मैंने चाय बनाया ।हमें देखते ही बगल के चाचा के यहाँ से दूध आ गया ।बड़की अम्मा आकर बैठ गयीं ,ललइ चाचा की माई भी आकर पीढ़ा  ले बैठ गयीं, अम्मा की बैठकी लग गयी । सबने चाय पी ,धीरे -धीरे लड़कियों को खबर लगी । रुना ,गीता,सीता ,सुधा आदि आ धमकीं ।शाम के खाने की चिन्ता नहीं थी । हम हमेशा की तरह मऊ से चलते वक्त पूड़ी- सब्जी लेकर चले थे । लड़कियों ने इशारा किया तो मैं अम्मा से पूछ धीरे से बाहर निकली ,काले -काले मेघ सरपट हमारे गाँव की ओर भागे चले आ रहे थे ।देखते -देखते अन्धेरा छा गया ।बस बुन्नी छूटने ही वाली थी ।मुझे देख बगल की बड़की माई ने कहा -

"बाह बेटी !अईलू त अईलू ,बरखा लेहले अईलू । जीय मोर रानी ।"

आशीष दे वह अपने जानवर खोल पलानी में बांधने लगींं । हम कुँवर बाबा के चौतरे पर बैठ गये,आज बगल में गोड़िन ने भरसांय नहीं झोंकी थी ।बरसात में लवना का अभाव रहता था ।घर की रोटी बनाए की सबका दाना भूजें।मैं सोचती रही,गीता ने टोका तो मेरी तन्द्रा टूटी - "तुमको बलमा छोड़ गया ?"

- "हाँ " कह मैं उसका मुँह ताकने लगी

- "तुमसे किसने कहा दीदी ?" मैंने पूछा,
- "पिंटुवा बता रहा था ।"

उसने मुँह लटका कर कहा ,मुझे ध्यान आया ,पिंटू कैंची साईकिल चलाते हुए गुजरा था।लड़कियाँ आज अप्रत्याशित ढ़ंग से चुप थीं ,मैं सोच में थी ,माज़रा क्या है ?
सुधा- "बेचारा गाँव तर आया था तो चाची को पानी -दाना तो पूछ लेना चाहिए था । "

वह खासी नाराज लग रही थी।
रुना और नाराज - "इ चाची के पास न तनिको व्यवहार नहीं है ।क्या सोचेगा बेचारा ।"

उसका मुँह और लटक गया।
सीता ने तो हद ही कर दी --"तुम तो बहुते सट के बैठी थी ।"

आँख नचा कर कहा।सब मुझे चील की तरह घूरे जा रही थीं ,जैसे मिनट में घोंट जाऐं।मेरा माथा घूम गया,हो गया धमाका,मैं तन के खड़ी हो गयी, कमर पर हाथ रख युद्ध की मुद्रा में , भौंह गुस्से में तान कर कहा -मतलब क्या है तुम्हारा सुधा दी ? मेरा पारा सातवें आसमान पर - "तुम लोग बहुत गन्दी हो।"

कह मैं पैर पटकते घर लौट आई ।मन अपमान से जला जा रहा था ।पहली बार चरित्र पर उंगली उठी थी ।मेरी रुलाई फूट पड़ी। हद है ,शकल से उस लुच्चे लफंगे के साथ ,छी : ,मेरा मन गुस्से से कसैला हुआ जा रहा था । गुस्सा  निकलना ही था ,अम्मा बाहर बरामदे में बैठी बेना हांक रही थी ,साथ -साथ बादल को घिरते देख मुक्त कंठ से कजरी गा रही थी 

"कैसे खेलन जाईं सावन में कजरिया ssss

बदरिया घिर आई ननदी ssss"


मैं धम से आ चौकी पर बैठ गयी - "क्या जरुरत थी आपको बलमा के साथ आने की ? "

मैं गुस्से में चिल्ला रही थी ।अम्मा ने बेना हांकना और गाना दोनों साथ में बन्द कर दिया । चेहरा खींच गया ,मेरी तरफ चिन्ता से देख पूछा - "हुआ क्या ? "

मैंने सब कह सुनाया ,अम्मा ने केवल इतना कहा - मौगड़ा है ,गलती हुई ,नहीं आना चाहिए था । "

हम खा -पी कर सो गये ।अगली सुबह उजाला छिटकते गीता मेरे सिराहने आकर खड़ी हुई ,आहट पा मैं जग गयी । अंगूठे से जमीन की मिट्टी कुरेदते हुए कहा - "चलो बाहर घूम आते हैं ।"

मेरी तरफ देख कर -"अजोर हो रहा है । "

मैं चप्पल पैर में ड़ाल चल पड़ी ,अम्मा लौट आई थी ,आकर नहा रही थी आँगन में ।हम रास्ते भर चुप रहे,आज वो मुझसे हाथ भर की दूरी पर बैठी थी ,बार -बार मेरी तरफ देखती और कुछ कहते -कहते रुक जाती ।हम लौट कर पानी छू ,हाथ धो ,दातून ले बाहर नीम के पेड़ के चौतरे पर बैठ दातून करने लगे ।सामने वाले ढ़ेला भइया गाय लगा रहे थे ,दूध छर्र sss-छर्र ssकी आवाज के साथ बाल्टी में  गिर रहा था । सीता झांडू ले घर बुहार रही थी ,बीच- बीच में कनखिया से हमें देख लेती । टोले के छोटे लड़के -लड़कियों का खेल पराते से शुरु हो गया  था  ,रात भर बरखा हुई थी ,आस-- पास गड्ढ़ों में पानी भर गया था ,बच्चे नंग धड़ंग छप्पक छप पानी में खेल रहे थे। हम दातून कर बहरी अँगना मुँह धो घर में लौटे ।अम्मा चाय बना खाना चढ़ा चुकी थींं ।लोटा से दो गिलासों में चाय ढ़ार हम छत पर चले गये ।मौसम अब भी सुहावना था ,बादल आसमान में जमें हुए थे ।मेरा प्रिय मौसम ,मैं दुवार की ओर मुँह करके बैठी चाय पीने लगी । गीता सुड़- सुड़ करती चाय पी रही थी ,मुझे उसके आवाज करके चाय पीने पर बहुत गुस्सा आता ,घूरते देख वह आवाज धीमें कर पीती रही ।गीता मुझे देख कर मुस्कीयाती और लजा जाती ।उसकी इस हरकत पर मेरी हँसी छूट गयी ,मैं अभी हँस ही रही थी कि उसने कमर के पास से सलवार में से मुड़े -तुड़े कागज निकाल मेरी हथेलियों पर रख दिया -"बेबी तुमको विद्या माई की किरिया ,केहू से कहना मत।"
मैंने भौंहों के इशारे से पूछा - "है क्या यह?
वह लजा कर लाल हो गयी ,धीरे से कहा -चिट्ठी"

मैं ने तपाक से पूछा- " किसकी ?"


मेरी हथेलियों पर उसने चिट्ठियों की गठरी रख दी और शर्मा कर कहा पढ़ लो। मारे कौतुहल के मेरे पेट में गुड़- गुड़ मच गयी ,दिमाग में सिंटी बजने लगी ,कहीं दूर हवा में ज्यों लहराया हो प्रेम में माता दुपट्टा और मैं दुवार पर नीम पर पड़े दो पलिया झूला पर बैठी हवा से बातें कर रही होऊं । मेरे हाथों में पहली बार किसी का प्रेम पत्र था ,झट खोल मैं पढ़ने बैठ गयी और ये क्या ,सब के सब खून से लिखे ?


"लिखता हूँ खत खून से स्याही न समझना
मरता हूँ तेरी याद में जिन्दा न समझना"

अगले खत में एक और शायरी....

"काली काली साड़ी पे कढ़ाई नहीं फबती
गोरी तेरी याद में जवानी नहीं कटती"

खत की भाषा पूरी सी ग्रेड सिनेमा की ,मेरा मन खराब हो गया । चौदहवीं के उम्र में प्रेम पत्र का सुकोमल आकर्षण तार- तार हो गया । लिखने वाला खासा चालाक था ,अपना नाम नहीं लिखा था ।मैं अन्दर ही अन्दर भून कर राख हुए जा रही थी ,पर कुछ राज उगलवाने थे अभी इस लिए चुप रही । मैंने धैर्य पूर्वक पूछा - "किसने लिखी ?"


उसने घुटनों में सिर छिपा लिया ,मैंने कुहनी से ठेल कर दुबारा पूछा - "बताओ भी किसने लिखा?"

 और यह क्या ,थोड़ी देर में ही उसका लाज छू मंतर ,ही ही ही हँसते हुए मेरे गले में हाथ डाल कर कान में कहा -"बलमा !"

सुनते मुझे लगा कि  मैं बेहोश हो जाऊंगी ,मारे सदमें के,यह दूध सी उजली, चिकनी लड़की और वह लोफर मजनु बलमा ,मैं मुँह बिचकाए उसका मुँह ताकती रही कि नीचे से अम्मा की आवाज आई-

 "अरे तनी खेत में से नेनुवा लेते आती बेबी ! बाबूजी आने वाले हैं ।"

मैं बेमन से डाली ले गीता दी संग दुवार के खेत में पहुँची ,गीता खुल चुकी थी ,चहक -चहक बता रही थी कि पिछले मेले में बलमा ने गुलाब की महक वाला सेण्ट दिया था ,एक कलम स्कूल के डहर में मिला तो ,एक दिल छपा रुमाल कुसुम की शादी में जब फोटे खींचने आया था ,तब दिया ।वह रेलती रही और मैं खोज -खोज भर ड़ाली नेनुआ तोड़ती रही ,हल्की फुहार पड़ने लगी तो हम सिर ओढ़नी से ढ़क घर की तरफ भागे ।वह अपने घर में घुस गयी मैं भागी अपने घर में । दस बजे बाबूजी भी आ गये । अम्मा बता रही थी - "रात भर गोड़ तोर कर बरखा हुई है तिवारी जी ,आना सुफल हुआ ।कुल खेत रोपा जाएगा ।"

देखते- देखते रोपनी करने वाली मजूरनों से दुवार भर गया ।जवान लड़कियाँ और औरतें ,अम्मा ने रोपनी का अंगुवा निकाल कर सबको बताशे बाटेंं ,सब की सब पानी में भींगी  ,शरीर पर कपड़े चिपके ,माथे पर से सिन्दूर की रेख बह कर पूरे चेहरे को रंगे हुए, जोगिया रंग में रंगाया चेहरा ,हँसती ,गाती ,माती पवन सी ये श्रमशील औरतें मेरे दुवार को रजगज किये उमंग से भरी मौसमी गीत कोरस में गा रही थीं ।अम्मा की विशेष मांग और चाय के आश्वासन पर झुल्लनबो ने कहरवा गाया - 


  "   के मोर जइयें ssरे उरबी पुरबीया रे sssजान
       आये के मोर जनिये कलकतवा रे sssजान
       देवर मोर जइयें उरबी पुरबीया रे ssजान
       सइया मोर जइयें कलकतवा रे sssजान
       केsइ रे लेअइsहें लाल चोटी बनवा रे ssजान
        केइ रे लेअइsहें फुलगेनवा रेss जान
        देवर मोर लेअइsहें लाल चोटी बनवा रेss जान
         सइया मोर लेअइssहें फुलगेनवा रे ssजान
         केइ के लगइsहें लाल चोटी बनवा रेss जान
         केइ रे लगइsहें फुलगेनवा रेss जान
          देवर लगइsहें लाल चोटी बनवा रेेेsss जान
           हम पिया खेलिब फुलगेनवा रेेेsss जान "

इन गीतों को सुन मन उल्लास से भर गया ,सबने चाय पी भरुके में ,मैंने डायरी में दर्ज कर लिया उन गीतों को ,नहीं जानती थी उन दिनों मैं अपने अंचल की सबसे अनमोल थाती सहेज रही हूँ । औरतों का आधा समूह बाबूजी के साथ कुटी वाले खेत की ओर चला गया ,आधा अम्मा के साथ दुवार पर ।घर खाली ,सुधा और रुमा भींजते मेरे घर में घुसीं ,मैं खुश हो गयी ,अकेले बोर हो रही थी । दसवीं पास कर लिया था ।ग्यारहवीं की किताबें लेकर आयी थी पर मन था कि गीता और बलमा जी के लव स्टोरी में अटका था ।रुमा ,सीता ,गीता ,सुधा सब पिरथी पुर साइकिल से पढ़ने जाती थीं ,जून का महींना होने से स्कूल सबके बन्द चल रहे थे । वह आयीं तो राहत मिली ,चलो कुछ गीत इनसे पूछ लिख लेतीं हूँ सोच डायरी और पेन ले बैठ गयी ।काले रंग की सुनहरे किनारी वाली मोटी डायरी देख दोनों मुँह बाए ,आँख फाड़े मुझे आश्चर्य से देखने लगी -

"इ तो बहुत महंगा होगा बेबी ! "

रुमा ने कहा तो मैं हँस पड़ी -

"अरे नहीं दीदी!  किताबों के प्रकाशक  हर साल बाबूजी को स्कूल में बहुत सारी डायरी दे जाते हैं । उन्हीं में से कभी कभार हमें भी मिल जाती है। " 

मैंने दोनों से वादा किया ,अगली बार आप दोनो के लिए डायरी ले कर आऊंगी । लड़कियाँ खुश हो गयीं ,मैंने गाना पूछा तो दोनों अपनी गाने की कॉपी देने की बात कह टाल गयीं ।मैं समझ गयी आने का उद्देश्य कुछ और है। 
                        अभी वह खुलतीं कि रुमा का भतीजा आकर बुला ले गया कि माई बुला रही है।रह गयी सुधा,सुधा का सांवला चेहरा लम्बी मुस्कान से खिल उठा था - 

"क्या बात है दिदिया "?

मैंने पूछा तो गीता की मुद्रा में वह भी लजा गयी ।सर घुटनों में ,मेरा माथा ठनका ,आगे उसकी कमर से भी सलवार में गाठें चिट्ठियों की पोटली ,वही खून से रक्तरंजित प्रेम पत्र । मरने जीने रात भर करवटें बदलने की बेचैनी । मैंने मुँह बिचका लिया ,वह रो रही थी ।

"हम उससे बहुत पियार करतें हैं बेबी ।जब कल तुम उसके साथ आई ,मेरा कलेजा जल गया ।" 

झर -झर आँसू ।इन लड़कियों के लिए गले में कैमरा टांगे ,जुल्फें लहराते, पान चबाते चलने वाला बलमा हीरो था ,मेरी नज़र में शहर का सड़क छाप मज़नू ।मेरी हँसी ऐसी छूटी की लोट पोट ।मन में आया कह दूं ,उस बन्दर के साथ आप सोच भी कैसे सकतीं हैं ,पर बुद्धि ने काम किया ,सम्हल गयी - 

"अरे नहीं दीदी ,वह तो मुझे बहिनी कह रहा था । "

वह गहरी साँस छोड़ राहत भरी मुस्कान संग टपाक से बोली -

"सही में?"

मैंने उसी अदा से उत्तर दिया -"सही में।"

                                                                   (2)


दोपहर होने को आया था ,बादल थे कि गाँव में आकर जम गये थे ,चारों तरफ बिछलहर ,कीरा -बिच्छी भी प्रकट होने लगे ।अम्मा छाता ताने भनभनाती आ रही थी -

"कबसे कह रही हूँ पैखाना बनवा दीजिए, सुनते ही नहीं ।लड़कियाँ इस मौसम में ना जाने कहाँ जाऐंगी । "

ठण्डी हवा का झोंका खिड़की से आ रहा था ,मैं खटिया खींच कर खिड़की के पास आकर बैठ गयी । बाहर छोटे -छोटे गड्ढों में भरे पानी में गौरैयों का झुण्ड डूबक -डूबक कर नहा रहा था ।सामने वाले ढ़ेला भइया का पाँच साल का बेटा चुन्नू नंग धड़ंग पानी में कूद -कूद खेल रहा था ,कमर में काले धागे की करधन में लाल -काली मोतियों के साथ छोटा सा पीतल का घुंघरु रुनझून बजता और उसकी झुन्नी दाऐं बाऐं साथ में नाचती ।इधर चिड़ियों की चहक उधर चुन्नू का पानी कूद नाच चल ही रहा था कि भीतर से चिल्लाती आजी बाहर निकलीं और चटाक -चटाक चार थपरा मार बाँह घसीटते  बहू को गरियाते उसे अन्दर लेकर चली गयीं । पानी तेज हो गया और बौछार अन्दर आने लगा तो अम्मा बाबूजी का गुस्सा मुझ पर उतारने लगीं  ,खटिया समेत मुझे खींच भड़ाक -भड़ाक खिड़की लगा दिया । मैं चुप लगाए बैठी रही ,इसी में कुशल था । अम्मा बरामदे में बोरशी में अहरा सुलगा खाने की तैयारी में लग गयी ।बाहर मुसलाधार बारिश हो रही थी ,रह -रह कर बिजली कड़कती और भड़ाम से कहीं जा कर गिरती ,अन्धेरा छा गया ।मैंने लालटेन जलाकर बाहर बरामदे के ताखे पर रख दिया ।आँगन के ताखे पर ढिबरी जला आई । अम्मा बाहर कोली (पतली गली)की तरफ बार- बार झांक आती ,बाबूजी की चिन्ता साफ झलक रही थी । मैनें आंटा गूंथ कर रख दिया ।अम्मा आग पर आलू ,टमाटर भूनने लगी । चूल्हा खुले आँगन में होने से आज भौरी ,चोखा अहरे पर लग रहा था । चिन्ता मुझे भी हो रही थी ,घड़ी में देखा ,अभी शाम के चार ही बजे थे और सबके खपरैल ,आँगन से धूंआ उठने लगा था ।बरसात में जीव जन्तु के डर से लोग सकेरे बना खा कर पटा जाते थे ।अब मैं भी रह- रह कर कोली की ओर झांक आती ,अचानक बाबूजी आते दिखे तो माँ ,बेटी ने चैन की साँस ली ।बाबूजी भींग कर लथपथ ,कपड़ा उतार , हाथ मुँह धो आकर बरामदे में खटिया पर रेडियो ले बैठ गये ,अम्मा ने चाय बना कर दिया ,मैं कमरे में लौट आई ,रेडियो पर बी .बी .सी .से समाचार लगा बाबूजी न्यूज सुनने लगे ।रेडियो घरघराता तो चारों तरफ घूमा कर सिगनल मिलाने का प्रयास करते और अन्त में हार कर बन्द कर रख दिया । दोनों बोरशी में मिलकर भौरी सेंकने लगे । कमरे में लैम्प जला मैं किताब ले पढ़ने बैठ गयी । रुमा अपने गीत की कॉपी लिए आयी ।हम गीत लिखने लगे ,अचानक कॉपी से सरक कर मुड़ा हुआ  कागज मेरे सामने गिरा ।रुमा मेरी तरफ पीठ किये चम्पक पढ़ने में मगन थी । मैं कागज खोल कर पढ़ने लगी ,हद है महराज ,सामने छलिया बलमा का आज तीसरा रक्त रंजित प्रेम -पत्र । अम्मा ने आवाज दी तो मैं झट कागज को कॉपी में छिपा चारपाई से उठ खड़ी हो गयी ,एक दम सावधान की मुद्रा में। अम्मा हाथ में टार्च लिए खड़ी थी -

"उसने पूछा -बाहर जाओगी  ? "

मैंने ना में गर्दन नचाया ।वह चली गयी तो मैंने राहत की साँस ली । कागज निकाल रुमा को दिखा कर पूछा -"ये क्या है?"

और बदले में वही पुराना गीता और रुना का उत्तर ।सुनकर मेरा दिमाग चकराने लगा । मन में उथल- पुथल मच गयी ,बड़ा धूर्त है बलमा ,एक साथ मेरे टोले की तीन लड़कियों को प्रेम जाल में फांसे है । रुमा उसके उपहारों के किस्से सुनाती रही ,वही पेन ,सेण्ट ,रुमाल इधर भी उधर भी ।रुमा चली गयी ,सुबह से तीन प्रेम -पत्र और एक प्रेमी की कहानी सुन दिमाग का दही हुआ जा रहा  था ।कभी मन होता सबके घर जाकर कह दूं और बलमा की जम कर धुनाई करवादूँ, फिर खयाल आता कि लड़कियों की तोड़ाई पहले होगी ,बदनामी अलग से , मैं सोचती रही ।अम्मा ने सोचा मैं पढ़ रही हूँ ,खाना लाकर खटिया पर रख दिया ।रुमा सुनियोजित ढंग से आयी थी ,मुझे विचार मग्न देख न जाने कब उठ कर चली गयी मुझे ध्यान ही नहीं रहा । मेरी आँखें वैचारिक तनाव से भारी हो चुकी थीं ,भूख ना जाने कहाँ बिला गयी ,मुझे भूख नहीं अम्मा ! कह मैं आँख बन्द कर सोने की कोशिश करती रही । अम्मा के निहोरा पर बड़ी मुश्किल से एक भौरी खा पायी उस रात ।

                     बरसात की रात ,बाहर नीम पर झिंगुरों की झनझनाहट और जीव जन्तु की तरह -तरह की आवाजें माहौल को डरवना बनाए हुई थीं ।रात आठ बजे बिजली आई तो राहत मिली ,घड़ी में आठ बज रहे थे ।एक ही कमरे में पंखा होने से हम तीनों की खटिया साथ लगी ,किनारे -किनारे अम्मा -बाबूजी ,बीच में मैं । दिन भर के थके दोनों बिस्तर पर जाते सो गये । मेरी बेचैनी का आलम यह था कि मिले बलमा तो मुँह कूच दूँ ।बच गयी थी सीता ,नहीं sssनहीं ,वह तो गाय है । सामने दीवार पर टंगे कैलेण्डर में कृष्ण, राधा संग रास रचा रहे थे ,बीच में राधा -कृष्ण किनारे -किनारे गोपी- कृष्ण। सवाल जो उछल -कूद दिमाग में कर रहा था ,वह था कि बलमा की राधा कौन ? अभी कितनी उसके मोह -पाश में हैं ,आदि -आदि। सोचते -विचारते कब नींद लगी पता ही नहीं चला ,सुबह नींद तब खुली जब अम्मा-बाबूजी के चिल्लम -चिल्ली की आवाज कान में पड़ी। अम्मा  फटे भोंपू की तरह चिल्ला रही थी -

 " कहते -कहते मुँह छिला गया ,पर इनके कान में रुई पड़ी है ।"

उधर से तेरी माँ-बहन ,लकड़ाजी ,अठराजी का पलटवार था। मैं बिस्तर पर आधी सोई -जागी कुहराम सुन मारे डर के उठ बैठी,दीवार पर टंगी घड़ी पर नज़र गयी तो आश्चर्य हुआ ,आठ बज रहे थे और कोठरी में उजाले का नामो निशान नहीं । मैं आँख मलते खिड़की के पास पहुँची ,और ये क्या ! इतनी मूसलाधार बारिश कि दुवार गड़ही में तबदील ,सामने वाली आजी गाल पर हाथ धरे चिन्तामग्न ,पशु घुटने तक पानी में खड़े रम्भा रहे थे ,दिन है कि रात कहना मुश्किल ,आकाश से प्रलय बरस रहा था ..।भीतरी बरामदे में आई, सामने आँगन का हाले आलम यह था कि चूल्हा डूब कर पानी में अपना अस्तित्व खो चुका था। ये तो गनीमत था कि आँगन कमर तक नीचे था वरना अब तक वैतरणी घर में हेल -ठेल चुकी होती ।तुलसी मईया अपने ऊचे आशन पर बारिश के  गिरते धार से दब कर, ओलरकर पसर गयीं थीं । हाँ लौकी -कोहड़े की बेल जरुर मगन थी ,आँगन से छत तक फैली बेलों को मैं देखने लगी, अचानकअम्मा चिल्लाई -

"अरे तिवारी जी कीरा हो ssss"

 और मैं लपक के बरामदे की चौकी पर। बाबूजी चौकी पर से कूद कर लप से कोने खड़ियाये गोजी पर झपटे ..कीरा नाली के रास्ते तैरता आँगन में घूसा चला आ रहा था कि दरवाजे से हाथ में दूध का लोटा लिए चले आ रहे ललइ चाचा हो हो हो हँसते बरामदे में दाखिल हुए ,लोटा झट चौकी पर धर पट बाबू जी से गोंजी छीन साँप को जिधर से आया था उधर ठेल दिया ।अम्मा की तरफ देख कर हँसते हुए -"तू हूँ न भौजी ! 

"ड़ोढ़हा देख के एतना चेकर रही हैंं ,करइत देख के त बेहोशे हो जाएगीं महराज! "


लोटा का दूध ले चुल्हानी पीढ़ा खींच कर बैठ गये ।अम्मा ने मौसम देख बरामदे में उठवना चूल्हा डाल लिया था ,गोइंठी की आंच पा अब तक कोरा चूल्हा आधा सूख भी चुका था ,ललई चाचा अम्मा की इस कला की तारीफ करते -करते चुल्हानी पहुँच गये-

"ए भौजी तनी चा पियावा जल्दी ,साला बुन्नी अस पड़ल की जाड़ा लागे लागल । "

वह अम्मा से कहते कम मुस्कियाते ज्यादा । बाबूजी गुस्से से कुढ़ रहे थे ,मऊ होता और कोई अम्मा से ऐसे बतियाता ,अब तक तो लात मार भगा गया होतो, पर यह गाँव था ,अपने लोग ,घर का मुख्य द्वार सुबह खुलता तो रात को ही बन्द होता ,आदमी तो आदमी मन चाहे तो कुत्ते भी किसी को न पाऐं तो आँगन में टहल आऐं । ऐसा गाँव ,अब बाबू जी की घोर मजबूरी का आलम यह था कि चौकी पर हाथ में इण्डिया टूडे लिए बैठे चाचा को दस मिनट से घूर रहे थे ।मैं ताखे से ब्रश, मंजन ले दाँत बरामदे की सीढ़ियों पर बैठ कर साफ करने लगी ।अन्तत: बाबूजी का धैर्य टूट गया -"अरे क्या मउगाइ करते हो यार ,चौकी की ओर इशारा करके -

"यहाँ बैठो ,चाय आ जाएगी ।"






चाचा गमछा झटकते चौकी पर आकर बैठ गये ,मैं माँ के पास पहुँची ,तब तक वह चार गिलासों में चाय छान चुकी थी ,चाचा ,बाबूजी को चाय दे मैं बाहरी बरामदे में आकर लकड़ी की हत्थेवाली कुर्सी पर पैर रख चाय पीने लगी । पानी से नहाए हुए नीम पर चीड़ियों के कई घोंसले थे, सबसे नीचे गौरैयों का घोंसला ,तीन छोटे -छोटे बच्चे चोंच खोले चांव, चांव, चांव कर रहे थे ,गौरैया पंख का पानी बार- बार झटकती बच्चों की रखवाली करती घोंसले के चारों ओर फुदक रही थी ,नीड़ की चिंता ,बच्चों की फीक्र उस नन्ही चिड़िया के हाव -भाव से साफ झलक रहा था ।मैं टकटकी लगाए मगन देख रही थी कि भहरा कर किसी के पीछे से  मकान के गिरने की आवाज आई, चीख -पुकार,रोना -चिल्लाना और कोहराम ।लोग घरों से निकल कर छपकते हुए भागे जिधर से आवाज आई थी उधर,अन्दर से बाबूजी और चाचा भी निकल कर भागे ।बच्चे जाने के लिए मचलने लगे ,औरतें बाँह मरोड़ कर खींच- खींच भीतर करतीं ।अम्मा भी बाहर निकल आई ,मैंने पूछा-

" क्या हुआ?"

 "कौनों तेलियों का घर गिरा है, लगता है ।"  

अम्मा के चेहरे पर घबराहट थी । सीता ,सुधा ,रुमा, सलवार उठाए मेरे घर की ओर भागी चली आ रही थीं ,आते भींजते छत पर ,मैं भी पीछे हो ली । हम छत पर पूरब के कोने में खड़े थे ,सामने ह्रदयविदारक दृश्य। कच्चा मकान ध्वस्त हो चुका था ,पूरा गाँव देखते -देखते उमड़ पड़ा था ,चन्नर साहू के दुवार पर ,अन्दर फसे लोगों को लड़के हड़बड़ -तड़बड़ डांड, मुंडेर की लकड़ी ,खपड़ा हटा कर निकाल रहे थे ।घर की बूढ़ी औरत आगे की कोठरी में सोई रही होगी उस वक्त ,माथा फूट चुका था। खून से लथपथ ,पहली लाश बाहर निकली ।मैं देख नहीं पाई ,घबड़ाकर नीचे उतर आई ।लड़कियाँ ड़टीं रहीं। विनाशलीला के बाद बरखा के तेवर नरम पड़ने लगे ,दोपहर होते -होते बारिश बन्द हो गयी ।घर आँगन में ठहरा पानी उतरने लगा । सगड़ा तलाब लबालब भर गये। खेतों में रोपी फसल गर्दन तक जलमग्न ।मेंढ़क टर्र - टर्र का राग अलाप रहे थे । चारों तरफ बिछलहर ,चमरौटी ,भरौटी ,अहीरौटी  से भी कच्चे मकान गिरने की खबर आ रही थी । चन्नर साहू की माँ और बेटी के दो अबोध बच्चे मलवे में दब कर मर गये ,बाकियों को मंगल दल के लड़कों ने जान पर खेल कर बचा लिया ।आनन- फानन में चंदा लगा कर ट्रैक्टर पर लाद घायलों को मरदह ले जाया गया ,वहाँ से जिला अस्पताल गाजीपुर ।बाबूजी थैली का रुपया झार आए थे ,आते ही मऊ जाने को तैयार ।अम्मा ने पूछा -

"बाकी का खेत कैसे रोपाएगा ? "

पैसा खतम हो गया ,नज़रें चुरा कर कहते बाबूजी अन्दर चले गये । बाबूजी दो दिन बाद रुपया लेकर आने को कह चले गये ।गाँव में मातमी सन्नाटा । पीछे से डेक- डेक रोने की आवाजें रह- रह कर किसी रिश्तेदार के आने पर आतींं ।मन विचलित हो जाता ।दिन में किसी ने खाना नहीं खाया ।बाबूजी भी चले गये थे।अम्मा ने लालटेन जलाते हुए कहा -

"मेरा मन नहीं है खाने का ,थोड़ा बहुत मन करे तो खालो बेबी!"

मैं अम्मा का मुँह देखती रही। मृत्यु का पहला दृश्य था मेरे सामने ,विभत्स ,खून ,चीख चीत्कार के साथ अपनों को खोने की पीड़ा ।दुखों ,अभाव के बीच खुद को बचाए रखने की जद्दोजहद देखा था ,घर क्या गिरा चन्दर साहू के जीवन से पर्दा उठ गया ।सेर पाव अनाज के बदले नून ,तेल, हरदी बेच कर पुरखों की मर्यादा पर पैबन्द साटे रखने की कोशिश आज बरखा ने धो पोंछ कर बहा दिया । जो भीतर का निकल कर सामने आया ,बस एक नंगा ,भूखा सच ,कुछ भी शेष नहीं ।गाँव न होता ,अपने लोग न होते तो आज शायद पूरा कुनबा उजड़ चुका होता । साहू जी बेहोश थे ,औरत का कमर टूटा था ,दोनों बेटे बगल के चाचा के दालान में सोने से बच गये थे ।दोनो चौदह और सोलह साल के ,बहन भी घायल थी ।गल्ला झाड़ झूड़ कर बमुश्किल एक हजार निकला ,कुछ माँ के गहने ,कुछ गाँव और अपने लोग ।जीवन की जंग जारी थी । पूरे दिन गाँव में चर्चा चलती रही।अन्धेरा घिर आया ।ललई चाचा की माई पैना लिए टूघुर-टूघुर चली आ रही थीं, हाँफते हुए बरामदे की सीढ़ियाँ चढ़तीं अम्मा को आवाज दी - 

"आ बबुआ बो ,कहाँss हो ?"

 आवाज सुन अम्मा बाहर निकल आई ,कुर्सी खींच कर बिठा दिया ,खुद भी बैठ गयीं ।देख कर गोद में पोते को जांते ढ़ेला भइया की माई भी आ गयीं, तनी देर में बड़की माई भी ।औरतें आज शोकाकुल साहू परिवार की विपदा पर चर्चा करने लगीं। आजी सिर पर हाथ धरे बैठीं कह रही थीं -

"अतवार मंगर की पूरदिनिया बरखा जीव खा के ही पटाती है बबुआ बो ! अतवार ,मंगर बड़ा खर दिन होता है ,अभी पाँच जीव लेगी।"

ढ़ेला भइया की माई कपार पर हाथ धरे कह रही थीं ,लड़कियाँ भी धीरे -धीरे जुट गयीं ,हम अन्दर की कोठरी में आकर चौकी पर बैठ गये, गीता दीदी चिन्तीत थी -"कल पूनम की बारात आएगी उपधियाने में ,का जानी कल का होगा ?"

 पूनम उसकी सहेली थी । 

"भदराही होंगीं तो बरसेगा ही ।"

रुना तुनक कर बोली ।

 सीता दीदी -"हे शुभ -शुभ बोलो भाई ,गाँव की इज्जत है ।"

कहते हुए जोर से डपटी । सब सटक गयीं ,सुधा ने धीरे से कहा - "बरखा बुन्नी में दिने नहीं धरना चाहिए बियाह का ।"

सीता दीदी फिर डपटी - "अब जब दिन पंडित बताऐगा तभी न रखेंगे।"

सब चुप हो गयीं । उस रात सब खा पी कर मेरे घर ही सोईं ,एक भयानक रात का अन्धेरा उतरा तो सुबह का स्वागत नीम की शाखाओं पर फूदकती गौरैया ने सपरिवार चहचहा कर किया।



             

                                                               (3)


भोर होते लड़कियाँ अपने घर लौट गयीं,छः बजे थे और सूरज दनदनाते हुए चमकिला हुआ जा रहा था ।मैं ब्रश कर लैट्रीन सीता दीदी के घर जाने के लिए अम्मा से पूछ निकल गयी । सीता दीदी का परिवार हमारे कुनबे का सुविधा सम्पन्न परिवार था ।चाचा प्राईमरी में हेडमास्टर और चाची गाँव की प्रधान ,मैं पहुँची तो आशय ताड़ चाची अन्दर लेकर आयीं ।छोटी चुन्नी से पानी छत पर पहुँचवा दिया, इस घर में हमारा बहुत मान था ।चुन्नी ने हाथ धुलवाया और खींच कर सीता दी के कमरे में ले गयी ,सामने रसोईं में भाभियाँ खाना बना रही थीं। सीता दीदी बिस्तर पर औंधे लेटी कुछ देख रही थी ,आहट पा झट तकिए के नीचे रख दिया ।मैं आकर उनके पास बैठ गयी ।शैतान छोटी चुन्नी उनके उठ कर बैठते ही तकिए के नीचे का रहस्य उद्घाटित कर मेरी हथेलियों पर रख कर हँसने लगी - "इ देखो जीजा की फोटो।"

 सीता लजा गयी ,चोरी पकड़ी गयी थी ।चुन्नी सामने की खुली आलमारी से लोहे का छोटा सा बक्सा उतार लाई ,खोल कर लिफाफे से सीता की तस्वीरें दिखाने लगी ,लड़केवालों को दिखाने के लिए सीता की ढ़ेर सारी तस्वीरें ,कोई साड़ी में ,कोई सलवार कुर्ते में ,एक में चेहरा गुलाब के फूल के बीच ,कोई दिल से झांकता ,मैं एक -एक कर तस्वीरें देख रही थी ,चुन्नी मेरी गोद में झूंकी मचल -मचल कर दिखा रही थी । दीदी ने पूछा -"कैसी लगी ?"

मैंने मुस्कुराकर कहा -"बहुत अच्छी हैं ,जीजा झट पसन्द कर लेंगें। "

उसके गोरे गाल लाल हो गये -" वो तो है बेबी! बलमा की खींची फोटो तो कमाल की होती हैं ,लंगड़ी, लूली से भी लोग धोखा खा जाऐं । ऐसा फोटो बैठाता है कि पूछो मत ,खड़ी रहो स्टूडियो में बाग में पहुँचा देगा ।"

सीता दी खुली हुई जाड़े की धूप की तरह दमक रही थी ,आँखें उसके नाम से मयूर बन नाच रहे थे । मेरा खून उबल रहा था पर खुद पर नियन्त्रण किए हुए थी , बलमा नाम का जीव अब बर्दाश्त से बाहर जा रहा था-" दीदी इसमें क्या कमाल है ,ये सब तो कम्प्यूटर से होता है।"

मेरी बात सुनते वह चीढ़ गयी ,अन्दर से चुन्नी को भाभी ने आवाज दी - "छोटकी बन्नी ,चाय ले जाइए । "

वह चली गयी । सीता ने पिनक कर कहा -"उसके अइसन फोटो बनारस में नहीं उतरती ,बड़की भाभी कह रही थीं । "

बड़ी भाभी बनारस की थीं - "फोटो अच्छी खींचता है कि वह अच्छा है ?"

मैंने आँख नचा कर कुहनियाया । वह शर्म से लाल, मैं आँख मटका रही थी - "भक्क ! तू भी "

कह वह थोड़ी देर ठहरी और फट उठ आलमारी के कोने से किताबों के बीच से एक कागज निकाल लाई -"ये देख उसने मुझे खून से खत लिखा था ।"

मैंने खोल के देखा ,वही पुराना राग ,लिखता हूँ खत खून से । मैं हँस पड़ीं ,बहुत शातिर है ये बलमा ,मुर्गी के खून से चिट्ठी लिख कर लड़कियों को मूर्ख बनाता है ।वह नाराज हो गयी -"अच्छा तुम्हारी नाक सूंघनी मशीन है जो जान गयी खून किसका है ?

मैं हँसे जा रही थी ,तभी चुन्नी बाहर सबको चाय दे हमें लेकर अन्दर आई ।मैं चाय पी ही रही थी कि गीता बुलाने आ गयी -" चलो! चाची बुला रही हैं । "

मैं बेमन से उठ कर चल दी ,इधर घण्टें भर में ललई चाचा ,अम्मा के वीर हनुमान मजदूरा -मिस्त्री पकड़ लाए ।ईंटा पहले सेे हाते में एक टाली पड़ा हुआ था ,गिट्टी -बालू ट्यूबल का लिंटर लगने के लिए आया था जो काम भर वहाँ से मिल गया । मोटर साइकिल पर लाद कर महारे से दो बोरी सिमेण्ट आ गया । ज़मीन नम थी ,आधे घण्टे में हाते में पखाने की नींव खुद गयी । अम्मा महान  बाबूजी की जेब से पाँच -पाँच सौ की चार नोट भांज चुकी थी ,कुछ चौरौंधा पहले का ,जिद की पक्की माता जी ने देखते -देखते एक दिन में ही पखाने की दीवार उठवा दी ।शाम तक मरदह से नीले रंग का कंम्बोड़ भी  आ गया, अगले दिन शाम तक लिंटर की तैयारी ,तीसरे दिन लिंटर लग कर तैयार । बड़की माई देख कर जल भून गयीं, बाबूजी को खबर गयी ,मलकिनिया कुल काम अपने मन का करती है । चौथे दिन बाबूजी प्रकट हुए ,देखते ही ललई चाचा गोड़ छू सरक लिए ,जानते थे अगला दृश्य क्या होगा। मैं पानी दे किताब ले बैठ गयी,मारे डर के मेरी हालत खराब ,ना जाने अगला दृश्य क्या हो ?हो सकता है बाबूजी मार फरुआ देवलिए ढ़ाह दें,वाकयुद्ध की सम्भावना प्रबल थी ,मल्लयुद्ध भी हो सकता था ।अम्मा पखाने की छत पर पानी ड़लवा रही थी तरी के लिए। बाबूजी हाते में पहुँचे ,घूम कर निरीक्षण किया - "तनिको धीरज नहीं है तुममें ,थोड़ा इन्तजार कर लेती इ साला ललईया घटिया क्वालिटी का कंम्बोड़ ले आकर बिठवा दिया । देखना साले भर में टूट -फूट जाएगा ।"

बाबूजी का भनभनाना जारी था ,पर आवाज की नरमी बता रही थी काम अच्छा है ।उनका पुरुष  इगो कैसे अम्मा के इस मर्दाने काम को सहजता से स्वीकारता सो थोड़ी बहुत ड़ांट- डपट लाज़मी था। अम्मा ने धीरे से कहा -"आप का नौ मन गेंहूँ होगा न राधा उठ कर नाचेगी ,लड़कियाँ इनके उनके घर छिछियाती फिरें ,ठीक है ।"

बाबूजी निरुत्तर, गाँव हमारे लिए किसानी के दिनों के लिए सराय मात्र रह गया था ,सुविधाओं का संसार शहर में बसा बाबू जी गाँव को लेकर उदासीन थे,अम्मा सजग ।यहाँ जो भी था अम्मा के प्रयास का प्रतिफल था ,एक अध्याय और जुड़ा ।
एक दिन सबेरे किरन फूटते सीता दीदी की अम्मा घर में आकर खड़ी हुईं -"ए बहिन जी ! आठ बजे ले झट तैयार हो जाइब  ।"

अम्मा झाड़ू लगाना छोड़ आकर उनके सामने खड़ी हुईं -"कहाँ जाए के है जी भिनहिए ।"

कह ध्यान से उनके चिन्तित चेहरे को देखने लगीं।
-"सीतवा के देखे ओकर सास लेहड़ लेके आवतहीय  जी ,महारे । आपक देवर  आपके आ भाई जी के साथे चले के कहलं हैं । जनते हयीं  जनता के ,केहू जाने न।"

 कह बाबूजी को दरवाजे की ओट से कहने चलीं गयी । अम्मा झट -पट खाना बना तैयार होने लगी ,लाल कोटा की साड़ी जिसका किनारा काले और सुनहरे रंग का था अम्मा पहन ,बीच माथे पर लाल रंग का इंगूर का टीका लगा जब कमरे से बाहर निकली पहले से सिल्क का कुर्ता ,खादी की चौड़े पाटे वाली धोती ,सदरी 'बंगाली गमछा ले बैठे बाबूजी ने ऊपर से नीचे तक देख कर मुस्कुराकर कहा -"चलिए मेम साहब ! "
अम्मा लजा गयी ।बस इतना भर देखा था उनके बीच का नेह ,कभी माँ -बाप को एक बिस्तर पर बैठे नहीं देखा । अम्मा का व्यक्तित्व बेहद भव्य ,बाबूजी जब खुश होते ,मेम साहब कह कर  बुलाते ।
जीप में बैठ सभी बड़ी गोपनियता से निकले ,उनके जाते गीता दीदी टोह लेने मेरे घर आई,पीछे रुमा और सुधा भी ,मुझे सख्त मनाही थी ,बड़ी सफाई से मैं टाल गयी। 



                         उधर महारे पहुँच कर सबसे पहले ये तय हुआ कि लड़की किस मन्दिर में दिखाई जाएगी ,बाबूजी ने राय दी,-"अहिरों के राधा -कृष्ण मन्दिर का बरामदा काफी बड़ा है ,लड़की तैयार करने के लिए पुजारी की कोठरी भी मिल जाएगी ,वहाँ ठीक रहेगा ।"

सभी मान गये ,भाभियाँ सीता को ले कोठरी में चली गयीं ,ऊपर बरामदे में दरी बीछ गयी ।दरी के ऊपर नयी चादरें डालीं गयीं । चाय -ठण्डा ,मिठाई -समोसा की व्यवस्था कर ली गयी ।अम्मा और सीता दी की माँ चुपचाप एक कोने में बैठींं, सहमी लड़केवालों की बाट जोह रही थीं । दस बजे एक जीप और अम्बेस्डर कार आकर मन्दिर के सामने रुकी ,मर्द लपकर गाड़ी के पास पहुँच हाथ जोड़ कर खड़े हो गये,जीप में से दस मर्द ,छ: छोटे बड़े लड़के उतरे ,कार में से सबसे पहले लगभग पचपन साल की लम्बी चौड़ी महिला निकलींं ,औरत का रौबदार चेहरा देख कर मर्द सहम गये । आगे की सीट पर औरत की गोद में लगभग तेरह चौदह साल की लड़की बैठी हुई थी ,वह भी निकली ,हाथ -पैर झटक कर सीधा करने लगी ।यह लड़के की छोटी बहन थी।औरत ने पीछे बैठी औरतों को बाहर निकलने का इशारा किया ।तीन की सीट पर पाँच कोंच कर बिठाई गयी थीं ।बेचारी घूँघट सम्हालते बाहर निकल औरत के पीछे खड़ी हों गयीं । सीता के बड़े भाई ने झूक कर औरत के पैर छुए और बड़ी नम्रता से झूक कर कहा -"चलिए आप लोग ऊपर ।"

औरत अपने समूह के साथ पीछे हो ली ।मर्द उनके पीछे ,देख कर स्थिति स्पष्ट थी कि घर में मातृ सत्ता का प्रभाव था । चाची और अम्मा ने एक तरफ औरतों को हाथ जोड़ बिठाया ,दूसरी तरफ गोलाई में मर्द बैठ गये ,भाई भाग -भाग कर चाय -पानी करा रहे थे ,पहले मिठाई, पानी फिर ठण्डा, समोसा चला ।लड़के के पिता ने डकार लेकर आदेश दिया - "हे तिवारी जी ! जिस कारज के लिए आए हैं पहले शुरु किया जाए । "

सबकी साँसे जहाँ की तहाँ अटक गयीं ,बड़के भईया नीचे गये ।थोड़ी देर में दोनों भाभीयों संग पीले रंग की साड़ी में सिर झुकाए सीता पहुँची ,अब तक मौन बैठी बाकि औरतों में हरकत हुई ।एक ने घूँघट उठा कर कहा -"इहाँ बैठाइए ।"

सामने सास थीं ,कहने वाली घर की बड़ी बहू थीं ,इस कदर घूर रही थीं जैसे कौवा शिकार को घूरता है।  दुबली -पतली सीता बीच में सास के सामने बिठा दी गयी ,थोड़ी देर लड़की को घूरने के बाद नाक फुलाते हुए लड़के की माँ ने कहा -"रोगियाह है का जी ,बड़ी पातर है। "

सबकी साँस गले में अटक गयी ।अम्मा ने सुना की झट उत्तर -"हम भी ऐसे ही थे बहिन जी जब ब्याह हुआ । "

लड़के की छोटी बहन को देख कर एक तार और जोड़ा -"आपकी बबुनी भी तो ऐसी ही हैं।"

 सास की भौंहें तन गयीं -"तनी बताओ तो साग में रस्सा कैसे लगेगा ? "

पूछ सीता का मुँह एक टक देखने लगी ,अम्मा ने हँस कर कहा -"बता दो बच्ची!"

सीता ज़मीन में नज़रें गड़ाए धीरे से बोली -"साग में रस्सा नहीं लगता । "

बाबूजी का पारा चढ़ गया -"आप के यहाँ ए मिसिर जी ,करैलियो का रस्सेदार बनता होगा ?"

सभी सुनते समवेत हँस पड़े। सास पिनक गयी ,कोने में पति को ले जा कर कुछ समझाया -बुझाया ,वह आते ही मर्दों से बोले -"चलिए हम लोग तनी नीचे चल कर जरुरी बात कर लेतें हैं ।"

.बाबूजी की तरफ देख कर- "इहाँ मेहरारुओं में हम क्या बैठें। "

मर्द उठ कर चले गये ,लड़के की माँ सीता के पास आकर निंगाझोरी करने लगी ,सिर का पल्ला हटा कर पीठ से लेकर गर्दन तक देखा ,साड़ी उठा कर पैर,घूमा -फिरा कर चेहरा और हाथ,मुँह में उंगली डाल कर दाँत गिने ।अम्मा और चाची अन्दर ही अन्दर फूंफकार रही थीं -"अभी कुछ बाकी है की हो गया?"

आवाज सख्त थी अम्मा की।उधर से जवाब भी तनाके से आया-"सुनिए मस्टराइन ! हाथ नचाते हुए ,एग्गो थरिया लेने जाते हैं तो चार बार बजा के लेते हैं हम ,आवाजे बता देती है कि कितना ठोस है। "

अम्मा को घूरते हुए ,सीता की तरफ आँख दिखा कर -"इ तो हमारे लाख टके के बेटे का मामला है।बोरा से रुपया उझिलें हैं पढ़ाने में । "

अम्मा रुँआसी हो गयी 'लड़की पक्ष की औरतों का कलेजा बैठ गया। उधर की औरतें आपस में खुसुर -फुसुर कर रही थीं .अब तक मौन तमाशा देख रही लड़के की छोटी बहन ने सीता से कहा -ए भाभी !एक ठो गाना सुनाइए ।"

चाची की बांछे खिल गयीं ,हँसते हुए कहा-" बबुनी को भाभी पसन्द आ गयी लगता है। "

लड़की बिल्कुल माँ पर गयी थी ,तुनक कर कहा -"पसन्द नहीं होती तो अम्मा एतना देर देखबे नहीं करती ।"

सभी हँस पड़े ,सीता ने लम्बी साँस ली ।भाभियों की बाछें खिल गयीं ,चाची चहकने लगीं  । अम्मा ने मन ही मन शिव जी को माथा नवाया ।  लड़की ने फीर कहा -"गितिया गाइए भाभी ।"

सबने हाँ में हाँ मिलाया । अम्मा ने आरम्भ किया -


"शिव शंकर चले कैलाश 
बुंदिया पड़ने लगी ssss


सीता के साथ भाभियाँ भी गाने लगीं ,ये हर्ष नाद मर्दों के कान में पड़ा ।चाचा -बाबूजी मगन हो गये । इधर भी लेन- देन तय हो चुका था ।पंडित से लगन दिखाना शेष रह गया , सभी ऊपर आ गये ,लड़के के पिता ने औरत से कहा -"अपना मायाजाल बटोरिए ,देखिए बरखा बुन्नी का दिन है ।"

सीता की सास ने लड़कों को कह गाड़ी में से फल, मिठाई, कपड़ा निकालने का आदेश दिया। सीता के सर पर लाल बनारसी साड़ी धर सास ने खोइंछा भरा ,अँगुठी पहनाया ।एक हजार एक सगुन का दे सबको सगुन देने को कहा।हजार पाँच सौ की नोट से आँचल भर गया । 

"अरे भाई ! इहां फोटो नहीं खींचाता है का जी बजार में ? "

एक सज्जन ने ललकार दी ।

"खींचाता है ,खींचाता है जी"

 सीताके पिता चिंहुक कर कहेंं और बड़े बेटे को भगा कर बलमा को बुलाया । दस मिनट में बलमा गले में कैमरा लटकाए हाजिर ।फोटो खींचाने लगा ,फिरसे साड़ी ओढ़ाई गयी ,अँगुठी पकड़ कर दिखाई गयी ,सबने अपना -अपना रुपया उठा कर फिरसे रखा।सीता उठक- बैठक करते सबके पैर छूती ।बलमा स्माइल प्लीज कहता और खचाक की आवाज से फोटो कैमरे में कैद हो जाता ।बलमा सीता को कनखियों से देख थैंक्यू जरुर कहता ,उसके खत की दिवानी लड़कियों में एक सीता भी आज पराई हो रही थी ।यही बलमा की नियति बन चुकी थी । अपने जिन हाथों से वह लहू से प्रेम भरी पातियां लिखता ,उसी हाथ से उनके सगुन के रस्म अदायगी के फोटो खींच एक सौ एक का नेग और मिठाईयाँ ले बुझे मन से सर झुकाए चला जाता।
                             सीता का ब्याह तय हो गया ,दिन जाड़ों में पड़ा ।हम शहर लौट आए ।स्कूल शुरु हुआ और गाँव की दुनिया के कपाट स्मृति पटल पर बन्द हो गये हाल फिलहाल ।यहाँ भी वो दौर लड़कियों के गुलाबी प्रेम -पत्रों के इन्द्रधनुषी वितान तान नित नये करवटें लेता । मैं अति साधारण सांवली लड़की ,प्रेम -पत्रों से वंचित ,अक्सर मनगढ़ंत कहानियाँ बना कर लड़कियों को सुना ,उनके दिलचस्प किस्से सुनती और सोचती कि ये पहले वाले प्यार का एहसास कैसा होता होगा ? चल रही थी मैं दुनिया के मायावी रंगों की रंगोली बनाते बिगाड़ते और दिन समय के घोड़े पर बैठा सरपट तड़बक- तड़बक दौड़े जा रहा था । हथेलियों पर ओस की बूंदे सुबह दूब से झाड़ मैं ओंठों पर रख लेती ,आत्मा ऐसी तृप्त होती जैसे पी लिया हो अमृत ,अन्दर तक भींग जाती ।सामने खिड़की से कोइ झांकता सा महसूस होता और मैं धीरे से अन्दर भाग जाती ।एक लुका -छिपी का खेल जारी था ,न वो परदा उठाता न मैं आगे बढ़ती ।वो भ्रम था कि सपना मैं सोचती रही और बिहाने मन की ड़ाली पर एक लाल कली प्रेम की लटक जाती ,पुष्पित ,पल्वित होने के मौसम की आस में मैं अक्सर भोरे हाते में जाती पर ना जाने कौन सा भय था कि खिड़की पर आहट पाते सीधे घर में ।खेला था,चलता रहा। इधर नवम्बर में सीता दीदी का ब्याह हो गया, मैं सजी -धजी दुलहे की बड़ी साली की भूमिका में,बलमा भर माड़ों कैमरा ले मंडराता जैसे पूरे जगत को कैमरे में घेर लेगा।उसका नागिन नाच तो कमाल का था ।थोड़ी बहुत दारु का आलम यह था कि दाँत में रुमाल जांते साथ नाचने वाले के ऊपर पसर जाता ,बेहद अश्लील नाच ,जिसे औरतें आँचल से मुँह छिपाए उचक -उचक देख रही थीं ।बलमा छाया हुआ था विवाह समारोह में ,अम्मा के आदेश पर मेरी भी कुछ फोटो उसने बिना मुझे स्माइल प्लीज कहे खींचा।हास- परिहास,गीत, ढ़ोलक की थाप ,मन्त्रों का घोष और सात फेरों के साथ रोती -धोती सीता चली गयी साजन के देश ।एक- एक कर टोले की सारी लड़कियाँ ब्याह कर चली गयीं ,छोटी सयानी हो गयीं । मैं बची रही ,ललई चाचा की माई अम्मा से इस साल मुँह खोल कर कह ही दीं - "केकर बेटी एमें. बीए ,करताड़ी स ए बबुआ बो ,लइकी उरठ होत जात हिया ,निक लागे चाहे बाउर ,बियाहे क एग्गो उमर होले। "
अम्मा चुप ही रही ,जानती थी मेरा रुदन ब्याह के फतवे को सुनते अस होगा कि कोठी अटारी बह -दह जाए। एम.ए .अन्तिम वर्ष और पिता की देहरी से जड़ समेत मुझे उखाड़ने की तैयारी युद्धस्तर पर जारी हो गयी ।खिड़की वाला मामला भी जमा नहीं ,कालेज में न किसी ने हसरत भरी निगाह से मुझे देखा और न मुझे कोई जमा ,मेरी दुनिया अलग,सोच और विचार अलग ।इस तरह उम्र के बाईस साल बिना प्रेम -पत्र लिखे निकल गये। आज जब छोटे -छोटे बच्चों को पढ़ाते क्लास में बगल वाली लड़की की कॉपी के पीछे ऑय लव यू लिखा देखती हूँ मन के कपाट हिलने -डुलने लगते हैं और मैं लौटतीं हूँ बाईस साल पहले की दुनिया में ।वह मेरी दुनिया जिसे कलेजे से साटे स्त्रियों की सैकड़ों पीढ़ियाँ मर जाती हैं नैहर की अन्तिम चुनरी -पियरी की आस में ,आज भी अम्मा गा रही है आम के नीचे बैठ कर - 

"हे गंगा मइया तोंहें चुनरी चढ़इबेंssss 

संइयाँ से कइद मिलनवा sss...हाय राम "


हाय राम गाते उसका चेहरा गुलाबी हो जाता है ...जैसे गीता ,सीता और उन तमाम लड़कियों का हुआ था ,जिनके पास गुलाबी प्रेम- पत्रों का इतिहास था और मैं हतभागी इससे वंचित रही ।
                            

                                                                          (4)

परीक्षा निकट आते- आते मैं भी विदा कर दी गयी ,छूट गया गली,मुहल्ला ,सखी,सहेली छूट गयीं ,जिस घर में जन्म लिया वह पराया हो गया।नितान्त अपरिचितों के बीच पहले परिचय बढ़ाने जैसा कुछ भी नहीं था ,सभी अधिकारी और मैं जी जी जी रटती तोता । एक सुनहरा पिंजड़ा ,जहाँ सबसे पहले शरीर कैद हुआ फिर सपने। मायके जब भी जाती मऊ से ही लौट आती ।गाँव जाने का कोई नाम ही नहीं लेता ,देखते-देखते   शादी के बारह साल गुजर गये। अबकी गर्मियों में भाई तैयार हुआ गाँव ले चलने को तो मन की मुराद पूरी हुई ।हम सुबह तड़के उठ कर तैयार होकर घर से निकले ,कार में आगे अम्मा और ड्राईब करता भाई ।पीछे मैं अपने बच्चों और भावज के साथ।चालीस मिनट में हम महारे चट्टी पर पहुँच चुके थे ,सबसे पहले भाई का आदेश था शिव जी के दर्शन फिर कुछ यहीं नाश्ता तब गाँव चलना है । हम मन्दिर के रास्ते पर अभी चार कदम ही बढ़े थे कि पीछे से जोरदार आवाज आई -

 "पंडी जी पाव लागीं ।"

आवाज कुछ जानी -पहचानी थी ।मैं झट पीछे मुड़ी ,सामने से चेकदार नीली लूँगी ,गले में मैली गमछी ,शरीर पर पीले से सफेद हो चुकी टी-शर्ट पहने बलमा भागा चला आ रहा था ।आते ही अम्मा का पैर छू बोला -

"चाची पाव लागीं,घीउवा खरा देले हयीं लेले जाइब।"

अम्मा मलकिन से चाची हो चुकी थी।  मैं ध्यान से उसे देख रही थी ,भाई से कहा -"दर्शन करके आइए ,गरम- गरम पकौड़ी निकल रही है डॉक्टर साहब ।"

मैं हतप्रभ खड़ी कभी उसे देखती ,कभी चट्टी से बाजार में बदल चुके महारे को।सड़क के दोनों तरफ लाईन से दुकाने .स्कूल ,अस्पताल ,कतार में खड़े यात्रियों की बाट जोहते ऑटो ।ब्यूटी पार्लर ,सैलून से लेकर आधुनिक साजो सामान की अनगिन दुकानें ।नहीं दिखी तो केवल बलमा की दुकान ।भाई ने डांट लगाई -"अब खड़े ही रहिएगा कि दर्शन भी करिएगा।"

 मेरी पाषाण प्रतिमाओं के प्रति आस्था इधर कम होती जा रही थी,बेमन से मैं पीछे होली।मन्दिर के गर्भ गृह में शिव सपरिवार विराजे थे।यहाँ शिवलिंग की उपासना नहीं होती,शिव के बगल में शिवा ।हिन्दू देवी देवताओं में शिव मेरे प्रिय रहे।सृष्टि के पहले साम्यवादी महापुरुष । भाई शिव स्तुति में लीन,आधे घण्टे उसका मन्त्रोचार चलता रहा ।अन्त में हर हर महादेव के घोष के साथ पूजा सम्पन्न हुई।
                         हम चौराहे पर पहुँचे,भाई ने माँ से कहा -"यहीं चाय नाश्ता कर लेते हैं ,गाँव पर सबेरे -सबेरे कौन चूल्हा फूंकेगा?"

 अम्मा इशारा समझ गयी ,सब कोने की चाय की दुकान पर पहुँचे ,मैं दुकान का बोर्ड देख कर चिंहुक गयी । "बलमा जी मिठाईवाले "। बलमा टेबल अपनी गमछी से साफ कर सबको बिना कहे चाय पकौड़ी दे गया ,गरम प्याज ,मिर्च की पकौड़ी बाजार की बहुत दिनों बाद खायी थी ,एक अजीब स्वाद होता हैं इन पकौड़ियों का ,घर में लाख जतन कर लो ऐसी नहीं बनती। सामने चूल्हे पर कढ़ाई में एक औरत लगातार पकौड़ियाँ तले जा रही थी।शीशे की छोटी सी आलमारी में लड्डू और चिंनियहवा बर्फी सजी थी ।मर्तबान में बताशे और लाल,नीली,पीली टाफियाँ।हम चलने लगे तो बलमा ने मेरे बच्चों के हाथ पर टाफियाँ रख खिलखिलाकर कहा-"स्माईल प्लीज ! "

बच्चे साथ- साथ हँस पड़े। माँ ने दूध का डिब्बा घी के लिए पकौड़ी तल रही औरत  को पकड़ा कर हिदायत दी -"साफ से रखना दुल्हिन।"

उसने मुस्कुराकर स्वागत किया । हम गाड़ी में बैठ गाँव के रास्ते पर आगे बढ़ रहे थे ,मन में आज फिर उथल -पुथल मची थी, मैंने माँ से पूछा -"बलमा तो फोटो खींचता था ?

भाई हँस पड़ा -"बेचारे का किसी ने कैमरा चुरा लिया ,दूसरा खरीद नहीं पाया। "

वह कहते हुए  हँसे जा रहा था,सुना है ,साला एक नम्बर का लोफर था । अहिरों ने किसी लड़की की फोटो इसके साथ देख कर बहुत कूटा था । "

आँख के इशारे से -"ये जो औरत थी दुकान पर ,उसे भी कहीं से भगा कर लाया है। "

अम्मा ने मौन तोड़ा ,घर -घर कैमरा हो गया है,कौन यहाँ तक आने की जहमत उठाए ।"

भाभी की प्रतिक्रिया भी आ गयी -"अब तो मोबाईल में भी कैमरा होता है।"

कुल मिलाकर निष्कर्ष यह था कि अब किसी को यहाँ तक केवल फोटो खींचाने के लिए आने की फुर्सत नहीं थी।गाँव की कच्ची सड़क उबड़ -खाबड़ तारकोल की सड़क में बदल गयी थी।गाँव के बाहर तीन चार दुकाने लाईन से दिखाई दे रहीं थींं।बाग की तरफ कन्या उच्च विद्यालय का बोर्ड दिखाई दे रहा था।कच्चे मकान लुप्तप्राय हो चुके थे, टोले के लगभग सारे घर पक्के बन चुके थे।उफ्फ! दरवाजे पर आते मेरी जान सूख गयी ,विशाल नीम जिसकी शाखाओं पर झूला ड़ाल गाँव भर की लड़कियाँ झूलती थीं , लापता ,चारों तरफ ईंट की दीवारें ,सामने ढ़ेला भइया के घर की कुछ लड़कियाँ खटिया पर बैठी लैपटाप चला रही थीं ,देखते अन्दर चली गयीं।मैं उन्हें अन्दर जाते देखती रही ,कभी हमें देखते उधर से लड़कियाँ भागते हुए आती थीं ।दिन भर खुले रहने वाले दरवाजे भिड़के हुए ,जानवर के नाम पर घरों में बमुश्किल एकाध गाय टीनशेड़ में दिखाई दे रही थीं।अम्मा फाटक खोल अन्दर बहू को लेकर जा चुकी थींं ,मैं स्तब्ध अतित और वर्तमान की संधिरेखा पर खड़ी कसबे में बदल चुके अपने गाँव सराय मुबारक को देख रही थी।नेपथ्य में अम्मा गीत बज रहा था .......
निमिया क पेड़ जनि काटा ए बाबा
निमिया चिरइया लेली बास .......



एक अस्तित्वहीन गाँव की दहलीज पर खड़ी मैं तलाशने लगी अपना गाँव सराय मुबारक जो अब कभी नहीं मिलेगा उन लड़कियों के स्वच्छन्द प्रेम पत्रों सा। 
शाम को हम लौटते वक्त एक बार फिर रुके बलमा जी स्वीट हाऊस पर । क्वार का महीना,शाम सिहरने लगी थी ,लोग अपने अपने घरों को लौट चुके थे। इक्के-दुक्के लोग दुकानों पर दिख रहे थे।अन्धेरे की हल्की चादर पसरने लगी थी।अम्मा बलमा बो से घी ,बताशे की खरीद-परोख्त कर रही थी,भाई सब्जी वालों से ताजी सब्जियाँ खरीदने निकल गया।मैं बलमा की दुकान के आगे टीनशेड़ में रखे ब्रेंच पर बैठी चुपचाप शिवाले के सूने रास्ते को देखती अतित की परछाईंयों में उलझी ,मेले-ठेले,सखियों के कलरव तलाशती विचारों में खोई ,रह -रह कर नम आँखों से बर्तन धोते बलमा को देख लेती,वह भी मुझे देख रहा था और तेजी से हाथ चला रहा था,शायद जल्दी काम निबटाना चाहता था। बर्तन धो कर चौकी पर रख वो फुर्ती से मेरे सामने चाय की केतली थामें आकर बैठ गया।दो भरुकों में चाय ढ़ार पीने का आग्रह कर एक टक मुझे निहारता रहा।मैंने मुस्कुराकर कहा-"गाँव शहर हो गया।"
वह नम आँखों और भारी गले से मेरी बात दुहरा गर्दन झुका चाय पीने लगा। 


"आपने स्टूडियो बन्द क्यों कर दिया?"मैंने पूछा।


बलमा दर्द से भर उठा, गमछे से आँख की नमी पोंछते हुए बिफर पड़ा -"अब जरुरत किसे है बहिनी परजा -पसारी की। हम तो गाँव -गिरांव के रियाया की परजा थे।नेग -जोग पर खुश हो जाने वाले।अब तो लोगों को सब कुछ मोल लेने की तलब है।इ ससुरी मोबाईल तो अउर जुलमी है।" मन्दिर की ओर इशारा करके- "अब लड़की देखाई पर मोबाईल से लोग फोटू खींच बीडियो भी बना लेते हैं।कौन मंहगा फोटो खींचवाएगा अब?"


मैंने उसका मन रखने के लिए कहा- "लेकिन उसकी फोटो वैसी नहीं आती जैसी कैमरे की।"


वह खुश हो गया-"हाँ ,इ तो है,फैटोग्राफी तो कला है,एक दम कोहार के चाक जैसी।बड़े सधे हाथ से फोटो का ऐंगल ठीक बैठता है। इ ज़माना क्या जाने की कैमरा का फोटो जो चित्र निकालता है उ इ मोबाईल और हउ डीजिटल कैमरा का निकालेगा। "

सामने के आधुनिक फोटो स्टूडियों को दिखाते हुए बलमा कह रहा था।मैं हूं -हाँ कह कर हामी भरती उसके दर्द के उमड़ते सैलाब को देख रही थी।
लम्बी साँस छोड़ते बलमा ने मेरे चेहरे की ओर देख कर कहा-"इस इलाके की हजारों लड़कियों के ब्याह कराए हैं हमने बहिनी।आपकी भी खींची थी।"

अम्मा की तरफ देख कर-"चाची ने बहुत शानदार पैंट,बुसर्ट दिया था आपके ब्याह में।"

मैं मुस्कुरा कर रह गयी। भाई हाट बजार कर आकर हमारे पास बैठ गया-"बलमा भाई! चाय पिलाइए तो निकला जाए।"

वह केतली उठा कर भट्ठी की तरफ चल दिया।भाई ने भौंहें नचा कर व्यंग्य से पूछा-"क्या बतिया रहा था इतनी देर से ?"

मैं उसके पुरुषत्व से भरे चेहरे को देख कर क्रोध दबाते हुए इतना ही कह सकी-"अपना दर्द।"

वह उठ गया ,चाय पी गाड़ी में सामान रख मुझे आवाज दी-"चलिएsssss ,कहाँ अटकी हैं? यहीं रहने का इरादा है क्या?"

वह हँस रहा था।सभी गाड़ी में बैठ चल पड़े,गाँव पीछे छूटने लगा।आज अपने समय का हर दिल अज़ीज बलमा जिसके मजनू मियाँ वाली फितरत से मुझे नाराजगी थी वह एक दम से मेरी सहानुभूति का पात्र बन चुका था।.नहीं पता कब लौटूंगी फिर उस देस जहाँ बलमा के रक्तरंजित असंख्य प्रेम -पत्र बिखरे पड़ें हैं मेरे गाँव की लड़कियों के मासूम प्रेम में पगे।मैं डूबती गयी ,जैसे डूबती है शाम भोर के आगोश में ,गाँव छूटता गया ,पीछे, बहुत पीछे।

                  और हाँ ,अन्त में एक बात बताना जरुरी है ,आप बलमा जी के सत्य को तलाशने मेरे गाँव का टिकट मत कटा लीजिएगा। बलमा का नाम बलमा कैसे पड़ा यह भी एक रहस्य है जिसे केवल उस दौर की औरतें जानती हैं । यहाँ इस रहस्य से पर्दा नहीं उठेगा ,इस मामले में ये औरतें युद्धिष्ठिर के शाप से मुक्त हैं।आप जितना चाहें ज्ञान बघारें ,उपदेश दे लें ,वह एक ही राग अलापेंगी।उधव मन न भये दस बीस।यदि बाबूजी से पूछेंगें, वह अपनी गहरी धसी आँखों को सिकोड़ कर गंजे सिर पर हाथ फेरते अम्मा की तरफ प्रश्न उछालेंगे -"इ बलमा कौन है जी?"

फिर मुस्कुराकर गहरा तंज कसेंगे-"मोटरसइकिलिया पर तो आप ही बैठी थीं ।"

अम्मा भी कम नहीं ,उसी अदा से मानस में गर्दन झुकाए उत्तर देंगीं-"इ बेबिया भी आज कल कुछ भी लिखती है।"

थोड़ा क्रोध भी आएगा ,धम्म से मानस की पोथी बन्द कर कहेंगी-"जब लंका काण्ड आता है बवाल होता है। "

जी हाँ ,बवाल की पूरी सम्भावना है ,इस लिए तलाशना हो बलमा को तो रोकिए हमारे गाँवों को कंकरिट के जंगलों में बदलने से ।देखिएगा बलमा मिल जाएगा किसी गाँव की चट्टी पर गर्दन में कैमरा लटकाए ,खचाक से आपकी फोटो खींचते हुए कहेगा-"स्माइल प्लीज !"और फिर उसी नफासत से गर्दन झूका कर कहेगा ,थैंक्यू!

सोनी पाण्डेय 
कृष्णा नगर
मऊ रोड
सिधारी,आज़मगढ़
उत्तर प्रदेश





रविवार, 28 जनवरी 2024

जबाला के बहाने

      आख्यान कथाओं में जबाला एक सशक्त स्त्री रहीं हैं।वैदिक कालीन समाज में अपने पुत्र सत्यकाम को निर्भिक बना शिक्षा के लिए प्रेरित करनेवाली इन स्त्रियों की पहचान अनचिन्ही ही रही।जबाला की कथा से हमें परिचित करा रहें हैं लेखक राजेश प्रताप सिंह जी ।आइए पढ़ते हैं जबाल की कहानी....                                               


                                                        जबाला के बहाने


“आश्रम के मुख्य द्वार पर कौन है?” ऋषि हारिद्रुमत की गम्भीर आवाज़ वातावरण में गूंजी-

 “मैं हूँ ऋषि वर ! सत्यकाम जाबाल। आपसे ज्ञान प्राप्त करने हेतु आया हूँ।”  एक बालक आश्रम के मुख्य द्वार पर खड़े होते हुए बोला। 

“तो अंदर आ जाओ बाहर क्यों हो?”  आश्रम के भीतर से आवाज़ आई।

“ऋषिवर ! एक तो मैं अर्धरात्रि में आया था। फिर बिना आपकी आज्ञा के आश्रम में कैसे आता।”  सत्यकाम ऋषि के समीप आकर हाथ जोड़ कर अभिवादन करते हुए बोला। 

हूँsss,ऋषि ने कुछ सोचते हुए कहा - “तुम दिन में भी तो आ सकते थे बालक?"  

“ मैं दिन में गृह-कार्यों में अपनी माँ की मदद करता हूँ । आज सायं को जब मेरी माँ लोगों के घरों से कार्य करके वापस आयी तो उसने मुझसे कहा कि पुत्र तुम अभी ऋषि के आश्रम चले जाओ। मैं जिनके यहाँ परिचारिका का कार्य करती हूँ, उनके यहाँ अतिथि आए हैं। इसलिए मैं कई दिनों तक व्यस्त रहूँगी। माँ का कहा मानकर मैं घर से चल दिया और अर्द्ध-रात्रि में यहाँ आ पहुँचा। “

"ओह! क्या तुम्हारे पिता का नाम जाबाल है?” ऋषि ने पूछा।

“नहीं! मेरी माता का नाम ‘जबाला’ है।” सत्यकाम ने उत्तर दिया।

"तुम्हारे पिता जी क्या करते हैं? " ऋषि हारिद्रुमत ने पुनः पूछा।

"मैंने जब से होश सम्भाला, तब से मैंने घर में केवल अपनी माँ को देखा। मैंने माँ से एकाध बार पूछा तो वह इस प्रश्न को टाल गयी। "

कुछ सोच कर सत्यकाम ने ऋषि हारिद्रुमत से प्रश्न पूछा- “ ऋषिवर, मुझे एक बात पूछनी है। यदि आपकी अनुमति हो तो निवेदन करूँ।” 



बोलो वत्स। “क्या मेरी माता को अपना नाम मुझे देने का अधिकार नहीं है ,क्या वह मुझे अकेले पढ़ा -लिखाकर मेरी देख-भाल नहीं कर सकती?” सत्यकाम विनीत भाव से बोला। 

सत्यकाम की बातें सुन ऋषि हारिद्रुमत  ने हँसते हुए कहा- “नहीं वत्स, ऐसा नहीं है। संतान पर पहला अधिकार जननी का ही होता है।” 

“फिर क्यों लोग मेरे साथ न तो खेलना चाहते हैं और न बात करते हैं।” सत्यकाम ने दुखी होते हुए कहा।

ऋषि ने कहा-“जिनके पास अंतर्दृष्टि, प्रेम और सहवेदना का अभाव होता है उनके अंदर स्वतः स्वार्थपरता आ जाती है, वही ऐसा करते हैं।” “वत्स तुम रात्रि से बिना कुछ खाए-पिए हो। दैनिक क्रियाओं से निवृत्त होकर कुछ खा लो, फिर आराम से बातें करेंगे।” 

यह कहते हुए उन्होंने अपनी भार्या को आवाज़ दी और कहा- “देवी! तनिक सुनो, एक नन्हें बटुक आएँ है। इनका भी प्रात रास तैयार कर दो। तीन प्रहर बाद इन्हें भी अन्य बटुकों के साथ कक्षा में भेज देना।” 

“अरे! यह तो बहुत सुंदर बालक है। अवश्य अपनी माँ पर गया होगा। चलो बेटा स्नानादि कर लो। फिर तुम्हें श्री अन्न की रोटी और काली गाय का मक्खन देती हूँ।”  कहते हुए ऋषि-भार्या उसे कुटिया में ले गईं।



 तीन प्रहर बाद सभी बटुक आश्रम के अंदर बरगद के वृक्ष के पास एकत्रित हो गए। ऋषि आकर बरगद के पास बने चबूतरे पर बैठ गए। अपनी धीर-गम्भीर वाणी में बोलना शुरू किया- “ शिष्यगणों! आप लोग अगले एक माह तक यहाँ रहेंगे और समस्त कार्यों में सहयोग प्रदान करते हुए अपने दैनिक कार्यों को पूरा करेंगे। भोजन तैयार करने में भी अपनी माता का न केवल सहयोग करेंगे वरन बनाना भी सीखेंगे। एक माह बाद आपकी योग्यता के आधार पर आगे ब्रह्म-ज्ञान की शिक्षा दी जाएगी। "कहकर ऋषि उठ गए। 

सभी नए बटुकों को आश्रम के सहायकों ने कार्य बता दिया। बटुक अपनी इस प्रथम परीक्षा में पूर्ण मनोयोग से लग गए। एक माह के बाद ऋषि ने सर्वप्रथम सत्यकाम को अपने पास बुलाया और पहले से अलग की हुई चार सौ कृशकाय गायो को दिखाते हुए कहा- “हे सत्यकाम, इन गायों को लेकर जंगल में जाओ और इनकी सेवा करो। जब ये सभी स्वस्थ हो जाएँ, तब लेकर आना।” 

जैसी आज्ञा गुरुवर! कह कर सत्यकाम उन गायों के पास चला गया। गायों को जंगल ले जाते हुए उसने कहा- “गुरुदेव! मैं इन गायों के एक हज़ार होने पर ही वापस आऊँगा।” 

सत्यकाम गायों को लेकर अंदर घने जंगलों में चला गया। कई साल बाद जब उनकी संख्या एक हज़ार हो गयी, तब उन्हें लेकर धीरे-धीरे वापस आने लगा। एक दिन सायंकाल सभी गायों और उनके बछड़ों को चारा देने के बाद अग्नि प्रज्ज्वलित कर, संध्या वंदन हेतु पूर्वाभिमुख हो बैठा। उसी समय उसके मन में विचार आया कि मैं जहाँ भी गया, हर जगह पवन व्याप्त है। पूरब, पश्चिम, उत्तर, दक्षिण, अंतरिक्ष और द्युलोक सर्वत्र पवन है। कहीं यही ब्रह्म का रूप तो नहीं,या यही ब्रह्म तो नहीं? इस पर मनन करते ध्यानावस्था में कब सूर्य की रश्मियाँ उसके चेहरे पर दस्तक देने लगीं,उसे पता ही नहीं चला। जब आँखे खुली तो सत्यकाम का चेहरा एक अनोखी आभा से परिपूर्ण था। 


अगले दिन सायंकाल जब वह ध्यान में बैठा तो एक नया विचार उसके मन में कौंधा। यह सही है पवन सर्वत्र व्याप्त है परंतु बिना अग्नि के हम उस परम सत्ता के बारे में समझ नहीं सकते। पृथ्वी पर अग्नि ही उस प्रकाश का प्रतीक है। इस पर मनन करते हुए कब प्रातः क़ालीन पक्षियों का कलरव वातावरण में गूँजने लगा उसे पता ही नहीं चला। जब उसकी आँखें खुली तो उसके चेहरे पर आत्म-संतुष्टि का भाव था। एक नई ऊर्जा के साथ वह दैनिक कार्यों मैं व्यस्त हो गया। उसे यह आत्म दृष्टि हुई कि ब्रह्म सर्वत्र व्याप्त है वरन अनंत भी है। उसे यह आत्मदृष्टि हुई कि ब्रह्म ना केवल सर्वव्यापी एवं अनंत है,वरन स्वतः प्रकाशवान भी है।

गायों को चारा खिलाकर वह आश्रम की ओर चल दिया। जब आश्रम से सत्यकाम लगभग एक योजन की दूरी पर रह गया तो सूर्यदेव पश्चिम में अस्ताचल की ओर प्रयाण करने लगे। सत्यकाम ने निश्चय किया कि अब आज यहीं विश्राम कर लिया जाए और कल गुरुदेव के दर्शन किया जाएगा। 


पूर्व की भाँति आज जब वह सायं को ध्यानावस्थित हुआ तो सम्पूर्ण व्यापकता, अनंतता एवं द्युतिमान होने के साथ-साथ उसे यह भी बोध हुआ कि वही सत्ता मेरी प्राण-वायु और अंतः चतुष्टय में भी व्याप्त है। इस ज्ञान के साथ वह कब समाधिस्थ हो गया, उसे पता ही नहीं चला। प्रातः जब वह उठा तो उसके चेहरे पर असीम शांति और प्रकाश का अद्भुत समन्वय परिलक्षित हो रहा था। दैनिक कर्मो को कर  गायों को चारा आदि देकर वह आश्रम की ओर चल पड़ा। सायंगोधूलि बेला तक वह आश्रम पहुँच गया। गायों को नियत स्थान पर कर के सायंकल की पूजा आदि समाप्त कर वह गुरुवर के चरणों में अभिवादन हेतु उनके पास पहुँचा। अभिवादन कर वह कुछ निवेदन करनेवाला ही था कि ऋषिवर उसके चेहरे की ओर देखकर कुछ सोचते हुए बोले- “वत्स आज तुम थके हो। कल प्रातः दैनिक पूजा आदि कर मुझसे मिलो।” 

“जैसी आज्ञा ऋषिवर।” कहकर सत्यकाम विश्राम हेतु कुटिया में चले गया। अगले दिन जब वह ऋषि के पास मिलने आया तब ऋषि उसकी ओर देखते हुए बोले- “ सत्यकाम, तुम्हारे चेहरे के तेज से ऐसा लगता है कि तुम्हें ब्रह्म-ज्ञान का बोध हो चुका है। अब तुम बताओ क्या रहस्य है?” 

सत्यकाम विनत होकर बोला-“ ऋषिवर, जब मैं गायों को लेकर वापस आ रहा था तो चार रात्रि लगातार मुझे ऐसा प्रतीत हो रहा था कि स्वयं अग्नि देव मुझे ब्रह्म-ज्ञान दे रहे हों। परंतु मेरी माता और विद्वत जन यही कहते हैं कि यह ज्ञान गुरु के बिना सम्भव नहीं है। इसलिए आप मुझे यह ज्ञान दीजिए। मैं आपको अपना पूरा अनुभव सुनता हूँ।” यह कहकर सत्यकाम ने अपना पूरा अनुभव ऋषि को बता दिया। ऋषि हारिद्रुमतद्रु अत्यंत प्रसन्न हुए और सत्यकाम को समस्त ब्रह्मज्ञान फिर से बताया। आगे चलकर कर सत्यकाम ने एक गुरुकुल की स्थापना की। 


        राजेश प्रताप सिंह

        सेवा निवृत्त आई. पी. एस

        आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश)







        

रविवार, 25 दिसंबर 2022

कहानी

                                                            मित्रता



चंद्रकला त्रिपाठी


 भूगोल विषय की कक्षा में अध्यापक के प्रवेश करते ही विनय उठ कर कक्षा के बाहर जाने को उद्यत हुआ। विनय सातवीं कक्षा का विद्यार्थी था। बहुत मेधावी था वह। कक्षा में हमेशा आगे की पंक्ति में बैठता।आज भी वहीं बैठा था इसलिए उसे उठ कर जाते हुए पूरी कक्षा ने देख लिया था।
 आज भी कई सहपाठियों के चेहरे पर उसके लिए व्यंग्य पूर्ण मुस्कान थी। मगर नवल उदास था। वह असहायता पूर्वक विनय को सिर झुकाए कक्षा से बाहर जाते देखता रहा।विनय का कातर और फीका पड़ा सा मुंह उसके भीतर एक रुलाई जैसी पैदा कर रहा था।वे गहरे मित्र थे।साथ खेलते और  स्कूल बस से साथ ही आते जाते थे।विनय के कारण ही वह जिले में शतरंज का सर्वोत्तम खिलाड़ी बना था। उसके लिए ही विनय ने प्रतियोगिता में भाग नहीं लिया था।नवल को याद है कि उसके प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए ज़िद करने पर विनय ने हंस कर कहा था कि तब तो उसे हार जाना पड़ेगा क्योंकि वह नवल को चैंपियन बनते देखना चाहता है।
 ऐसा क्या हो गया है कि विनय अब उससे दूर दूर रहता है। उसकी तरफ उदास सा देखता है और किसी और तरफ देखने लगता है।
 उसने तो पूछा भी था।
 वह कुछ नहीं हुआ है ऐसा कह कर टाल गया था।
 इन दिनों उसके पास किताबें नहीं होती हैं। अभ्यास पुस्तिकाएं भी नहीं होती हैं। भूगोल विषय के अध्यापक बहुत ही अनुशासन प्रिय हैं। उन्हें कक्षा में पुस्तकें न लेकर आने वाले विद्यार्थी लापरवाह लगते हैं। पिछले दिनों उन्होंने विनय को सचेत किया था कि अगर वह किताबें लेकर नहीं आएगा तो इसे वे उसकी उद्दंडता समझेंगे।तब उसे कक्षा में आने की आवश्यकता नहीं है।

 उन्होंने विनय को कक्षा के बाहर जाते देखकर कहा कि इसका अर्थ विनय की अनुशासन हीनता है और अब उन्हें प्रधानाध्यापक से उसकी शिकायत करनी पड़ेगी।
 विनय ठिठक गया था।
 उन्हें देख उठा था वह।
 पूरी कक्षा यह देखकर स्तब्ध हो गई।
 नवल का उस दिन क्लास में मन नहीं लगा।
 वह सोचता रहा कि क्या उसने सचमुच यह जानने का प्रयत्न किया है कि विनय ऐसा क्यों कर रहा है।वह बहुत अमीर नहीं है मगर इस अच्छे स्कूल में अपनी प्रतिभा के कारण उसे दाखिला मिला है। उसके अंक हमेशा सबसे अच्छे आते रहे हैं। गणित की कक्षा का तो वह हमेशा नायक रहा है। इस समय भी गणित के अध्यापक अख्त़र हुसैन जी उसकी क्षमता के बड़े प्रशंसक हैं। उन्होंने उसे अपनी पुस्तकें दे दी हैं और वे शायद उसकी स्थिति के बारे में जानते हैं।
 नवल को दुःख है कि वह पक्की मित्रता के बावजूद सब कुछ क्यों नहीं जानता।
 उसने तय किया कि उसे विनय की परिस्थिति के बारे में सब कुछ जानना ही है।
 घर आकर उसने अपनी मां से विनय के विषय में सब कुछ बताया।
 नवल के रुआंसे उदास चेहरे को देखकर वे दुःखी हुईं।
 शाम को उसके पिता के घर लौटने के बाद इस समस्या पर विचार किया गया। उसके माता पिता को लगा कि संभवतः विनय का परिवार किसी आर्थिक संकट में आ गया है।कोरोना महामारी के बाद कई परिवार ऐसे अनिष्ट को झेल रहे हैं।हो सकता है कि विनय के परिवार में भी कुछ ऐसा ही घटित हुआ हो।वे विनय के विषय में अधिक नहीं जानते थे क्योंकि पारिवारिक स्थिति के बारे में तो नवल भी नहीं जानता था मगर विनय का घर कहां है यह वह अवश्य जानता था।


विनय और उसकी बड़ी बहन उन्हें देखकर चकित हुए मगर फिर आवभगत में जुट गए। थोड़ी देर में ही वहां एक स्त्री आई  और उनके पास बैठ गई। सौम्या,विनय की बहन ने बताया कि वे उनकी मां की मित्र हैं और उनके साथ ही रहती हैं।
घर में बड़ी उदासी थी।
विनय के माता पिता नहीं दिख रहे थे।
थोड़ी देर में ही उन्हें पता चल गया कि ढ़ाई साल पहले एक भयानक बस दुर्घटना में दोनों की मृत्यु हो गई थी। पिता एक निजी उद्यम में काम करते थे जिससे कुछ धन मिला अवश्य किंतु उससे उन्होंने इस घर का बैंक से लिया गया ऋण चुका दिया। मां की मित्र का भी दुनिया में कोई नहीं है।वे इस घर के नीचे के तल पर एक सिलाई कढ़ाई का स्कूल चला रही हैं और सौम्या जो उस वक्त आईआईटी खड़गपुर में इंजीनियरिंग के दूसरे वर्ष में थी, अपनी पढ़ाई छोड़ कर लौट आई है और वे अब किसी तरह विनय की पढ़ाई की व्यवस्था कर पा रहे हैं। उन्हें पता है कि फीस देने के बाद इस वर्ष की किताबें इत्यादि खरीदने में उन्हें थोड़ा वक्त लग रहा है।
विनय ने जैसे उन लोगों को आश्वस्त करते हुए बार बार कहा कि आज उसके पास सभी किताबें आ गई हैं।अख़्तर सर और संदीप सर ने इंतज़ाम कर दिया है।कल से उसके पास सब किताबें होंगी और उसे इस कारण कोई दंड नहीं मिलेगा।
विनय नवल के आने से हर्षित था।
बार बार उसे आश्वस्त कर रहा था मगर नवल की उदासी यहां आकर बढ़ गई थी।
उसकी मां ने सौम्या को गले से लगा लिया था। खूब स्नेह कर रही थीं वे।
सौम्या ने उनसे बार बार कहा भी कि उसे कोई दिक्कत नहीं है मगर नवल की मां ने पूछ लिया - ' फिर तुमने अपनी पढ़ाई क्यों छोड़ दी बिटिया!'
सौम्या हिचकिचा गई।
वस्तुत: वह किसी से मदद नहीं लेना चाहती थी,ऐसा लगा।
उसका परिवार आर्थिक रुप से बहुत मजबूत नहीं था मगर बहुत स्वाभिमानी था।वे सभी अपने प्रयत्न से इस परिस्थिति का सामना करना चाहते थे।

अपनी बहुत कम हो चुकी आय में वे मिलजुल कर कटौती पूर्वक काम चला रहे थे।
सौम्या ने बताया कि वह पास के ही एक ट्यूशन केंद्र पर आठवीं कक्षा तक के बच्चों के लिए गणित पढ़ा रही है और कुछ पैसा जुट जाने पर फिर से आईआईटी की प्रतियोगिता में भाग लेगी और अपनी शिक्षा पूरी करेगी।
नवल के माता पिता उसके आत्मविश्वास और संघर्ष से बहुत प्रभावित हुए।
वे दोनों भाई बहन आत्मसम्मान की आभा से दमक रहे थे।
नवल ने बहुत उम्मीद से भर कर मां की ओर देखा तो पाया कि वे उसको भरोसा दिलाती हुई मुस्कुरा रही थीं।उन दोनों ने सौम्या और विनय का अभिभावक बन कर उनकी शिक्षा में योगदान करना तय कर लिया था।
सौम्या के हिचकने पर नवल के पिता ने कहा कि हमारी मदद तुम्हारे ऊपर कृपा नहीं है बल्कि हमारे देश में कई ऐसी मददगार योजनाएं हैं,संबल हैं जिनके बारे में तुम लोग नहीं जान पाए हो।जब तक उस स्तर पर कुछ संभव नहीं हो पाएगा हम लोग तुम्हारे लिए सब कुछ ऐसे ही करेंगे जैसे नवल के लिए करते हैं। इसमें हमें खुशी होगी।
नवल के दिल पर से एक बहुत बड़ा दुःख हट रहा था।
वह यह बताता हुआ रो पड़ा था कि कैसे कक्षा के अन्य साथी विनय की परिस्थिति न जानते हुए उसका मज़ाक उड़ाया करते हैं।
उसकी मां ने उसे विनय सहित अपने अंक में ले लिया और कहा - 'अन्यथा कुछ न सोचो।वे कुछ जानते नहीं इसलिए ऐसा करते हैं। देखना उन्हें उसके संघर्ष का ज्ञान होगा तो वे इस पर गर्व करेंगे '

सचमुच उन्होंने ठीक कहा था।
एक दिन आया जब पूरी कक्षा ने विनय के लिए खड़े होकर ताली बजाई।
विनय ने गणित विषय में आयोजित अन्तरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में सर्वोच्च अंक प्राप्त कर पूरे देश का नाम किया था।
उसकी बहन आईआईटी खड़गपुर की सबसे योग्य विद्यार्थी के रुप में आगे पढ़ रही थी।
 नवल को गर्व था कि उसने मित्रता में मनुष्यता की विजय को हासिल किया है।



परिचय

प्रोफेसर चंद्रकला त्रिपाठी सुप्रसिद्ध कवयित्री हैं। उनके दो कविता संग्रह क्रमशः ‘वसंत के चुपचाप गुजर जाने पर’ तथा ‘शायद किसी दिन’ बेहतरीन संग्रहों में से हैं। इससे इतर गद्य की उनकी पुस्तक ‘इस उस मोड़ पर’ पिछले वर्षों में काफी चर्चित रही। 
पूर्वग्रह , शब्दयोग ,  चौथी दुनिया , परिकथा ,सुलभ इंडिया आदि पत्र -पत्रिकाओं  में कहानियाँ प्रकाशित।



सोमवार, 31 जनवरी 2022

रंजना जयसवाल की कहानी

                                     ऑन लाइन रिश्ते





नवम्बर की गुलाबी ठंड...आजकल अंधेरा जल्दी होने लगा था।ठंड बढ़ने के साथ निर्मला का विवेक की पैदाइश के समय लगाया गया बेहोशी का इंजेक्शन रह-रह कर दर्द कर ने लगता। एक अजीब सी लहर एक अजीब सी गिनगिनाहट पूरे शरीर में दौड़ जाती। दर्द की लकीरें आँखों में उभर आती पर दूसरे ही पल चेहरे पर मातृत्व के सुख की संतुष्टि का सुख भी न जाने क्यों साथ ही उभर आता। तभी गेट खुलने की आवाज से निर्मला जी के कान खड़े हो गये,


"अजी सुनते हो,लगता है कोई गेट पर है।"


गुप्ता जी हाथ में रिमोट लिए वैसे ही बैठे रहे। जब से धीरज ने ये टी. वी.भेजा है, गुप्ता जी अपनी बूढ़ी आँखों और झुर्रीदार हाथों की उंगलियों से चैनल बदल-बदल कर उसके फीचर समझने की कोशिश में लगे रहते। धीरज बता रहा था बाजार में एकदम नया मॉडल है, इंटरनेट,ब्लूटूथ सबकी सुविधा है। गुप्ता जी ने कई बार धीरज से उसके फीचर समझने की कोशिश,धीरज ने कम्पनी वाले को फोन कर गुप्ता जी को सीखाने की भी कोशिश की पर…


"देखना समाचार ही है फिर काहे की इतनी टिटमेबाजी धीरज इतना बड़ा हो गया पर पैसे की उसे आज तक वैल्यू समझ नहीं आयी।"


निर्मला की बात को अनसुना कर गुप्ता जी टी. वी. में ही जूझते रहे।निर्मला समझ गई थी,गुप्ता जी का उठने का मन नहीं है ये पुरुष भी न..वैसे भी एक बार वो कंबल में पैर डाल कर बैठ गए तो दुनिया इधर की उधर हो जाये पर हिलते नहीं थे।


"अरे यार ! समझती नहीं हो तुम एक तो मुझे इतनी ठंड लगती है ऊपर से कितनी मुश्किल से कम्बल गर्म किया है।"



                                                                   चित्र- आरती वर्मा

निर्मला हँस पड़ती कम्बल को गर्म करने के लिए इन्होंने कौन सी मेहनत की है। निर्मला ने दरवाजा खोला,दरवाजे पर सिन्हा साहब और भाभी जी थे। पहले एक ही मुहल्ले में रहते थे वे दोनों, सिन्हा साहब से बहुत पुराना रिश्ता था,लगभग हर हफ्ते का ही आना-जाना था पर जब से सिन्हा साहब का बेटा अमेरिका गया उन्होंने अपना घर बेच दिया और फ्लैट में रहने लगे। "हम दोनों बुड्ढे-बुढ़िया ही अब रह गए हैं, आजकल शहर में कितनी वारदातें हो रही हैं।कल हमारे साथ कुछ हो जाए तो पड़ोसियों को पता भी नहीं चलेगा वैसे भी अब इस बूढ़े शरीर से भाग-दौड़ नहीं होती।फ्लैट में रहेंगे तो सुरक्षा और घर की और जरूरतों के लिए सोचना और दौड़ना नहीं पड़ेगा।" आज भी याद है शांति भाभी जी अपने मकान को बेचते वक्त कितना रोई थी। कितने अरमानों से बनाया था उन्होंने वह घर... तिनका-तिनका जोड़ कर न जाने कितने सपनों का गला घोट कर उन्होंने वह घर बनाया था। बच्चों की किलकारियों से गूँजता था वह घर पर वक्त के साथ बच्चे अपने सपनों की तलाश में अपने घोसलों को छोड़कर दूर बस गए।सिन्हा दम्पति को देखकर गुप्ता जी उठकर बैठ गए,


"आइए-आइए भाभी जी!बहुत दिनों बाद आना हुआ।"


"अरे भाई हम तो भूले-भटके आ भी जाते हैं पर आप तो हमारे घर का रास्ता ही भूल गए हैं।"


सिन्हा साहब कहते हुए सोफे में धंस गये,


"अरे नहीं यार...तुम तो जानते हो मुझे ठंड बहुत लगती है, रोज सोचता हूँ कि तुमसे मिल आऊं पर.."


"पर इतनी मेहनत से गर्म किए कम्बल को छोड़कर निकलना कोई आसान बात थोड़े है।"


निर्मला ने हँसते कहा...निर्मला की बात सुन सभी ठठा मारकर हँस पड़े।कितने दिनों बाद ये घर इन्सानों की हँसी से गुलज़ार था।कहने को तो गुप्ता जी और निर्मला जी एक छत के नीचे ही रहते थे पर वक्त के साथ मानो उनकी बातें भी कहीं न कहीं चुक चुकी थी। हँसना तो वो कब का भूल चुके थे, निर्मला सबको बैठक में छोड़कर रसोईघर की तरफ बढ़ गई। गुप्ता जी बड़े उत्साह से सिन्हा दम्पति को अपने नए टी वी के बारे में बता रहे थे।निर्मला जी को रसोईघर में गये काफी समय हो गया था, दोनों दोस्त यादों का पुलिंदा खोल कर बैठ गये।वो अपनी बातों में इतने मशगूल हो गए कि उन्हें ये भी याद नहीं रहा कि कमरे में शांति भी बैठी हैं।शांति जी निर्मला जी को तलाश करते-करते रसोईघर तक पहुँच गई। अभी पिछले साल ही तो विवेक ने पूरा घर का नवीनीकरण कराया था।डबल डोर वाला फ्रिज,चिमनी,चार मुँह वाला चूल्हा,आ रो मशीन ,एकदम टी वी धारावाहिकों वाला रसोईघर…


" आइए भाभी!..."


निर्मला ने रसोईघर के दरवाजे पर खड़ी शांति को देखकर कहा...दोनो में काफी अच्छी समझ और तालमेल था। मन जब कभी बहुत अधिक व्याकुल होता तो वो दोनों एक-दूसरे के सामने अपने दर्द की गिरह खोल कर बैठ जाती।


"आपका रसोईघर कितना अच्छा हो गया है, चार चूल्हे में काम करने में कितनी सहूलियत रहती होगी न..?"


"दो प्राणी है कितना बनाना ही रहता है।इनका कोलेस्ट्रॉल बढ़ा हुआ है,डॉक्टर ने इनको तेल-घी खाने को मना किया है। अपने लिए अकेले क्या बनाऊ, जो ये खाते हैं मैं भी वही खा लेती हूँ।"


"विवेक और धीरज के बिना ये घर कितना सूना हो गया है,अकेली पड़ गई है आप…!"


"अकेली कहाँ…?"


 निर्मला ने एक भरपूर नजर घर पर डाली…


"है न सब मेरे पास... बच्चों की बातें,उनके होने का अहसास और कभी न खत्म होने वाला इंतज़ार।"


निर्मला न जाने किस सोच में डूब गई थी। कल रात ही तो बेटों को याद कर तकिए में मुँह दबाये वो घण्टों रोई थी।निर्मला अक्सर सोचती थी बच्चे पिता से एक बार और माँ से दो बार अलग होते हैं। एक बार गर्भनाल से और एक बार अपने सपनों की तलाश में ...देखा जाये तो माँ का दर्द पिता के दर्द से ज्यादा ही होता है। निर्मला की सूजी हुई आँखें उसके दिल का हाल बयान कर रही थी।उसके मन के गीले आकाश पर अभी तक छाई थी कल रात की यादें..


                                                                 चित्र- आरती वर्मा


"भाभी! हर साल लगता है विवेक अब तो आयेगा।उम्मीदों के साल दर साल बीतते जा रहे हैं पर मेरे जीवन में आया पतझर तो मानो बस ही गया है जाने का नाम ही नहीं लेता।

बच्चों को लगता है उम्र के साथ माँ-बाप बूढ़े हो गए पर वह यह नहीं जान पाते कि माँ-बाप को उम्र नहीं बच्चों की जिम्मेदारियां बूढ़ी कर देती हैं पर हमें तो उनका इंतज़ार बूढ़ा कर रहा है।एक ऐसा इंतज़ार जो खत्म होने का नाम नहीं ले रहा।"


"इतना क्यों सोचती हैं भाभी,भाईसाहब को देखिए कितना मस्त रहते हैं अपनी दुनिया में...एक-एक सामान कितने उत्साह से दिखाते हैं।धीरज और विवेक की तारीफ करते नहीं थकते,अभी इनको नया वाला टी. वी. दिखा रहे थे। पिछली बार कितने उत्साह से बता रहे थे,"भाभी इस घर में हम दोनों बूढ़े-बुढ़िया को छोड़कर सब कुछ नया है।" इतने लायक बच्चे मिले हैं, कितना ध्यान रखते हैं आपका… और क्या चाहिए।"


लाल-लाल सूजी हुई आँखों को अपने आँचल से पोछती निर्मला ने शांति जी को देखा,


"भाभी क्या हमें अपनी संतानों से बस यही चाहिए था,आपके भाईसाहब और मैं इस शहर में एक अटैची लेकर ही आये थे। सोचा था पैसा नहीं है तो क्या हुआ हम सब में प्यार तो है पर देखिये न आज इस घर में पैसा तो है पर प्यार न जाने कहाँ खो गया।घोसला बनाने की फिक्र में हम इतने मशगूल हो गए कि हमारे पास भी उड़ने को पंख है ये भी भूल गये।सुना था कि जिंदगी की हर सुबह कुछ शर्तें लेकर आती है और ज़िंदगी की हर शाम कुछ तजुर्बे देकर जाती है पर हमारी ज़िंदगी ऐसे तजुर्बे देकर जायेगी ये सोचा न था…"


निर्मला की बात सुन शांति जी गहन सोच में डूब गई, सच ही तो कह रही थी वो..पाँच साल हो गए बेटे को अमेरिका गये हुए पर उसने कभी पलटकर भी नहीं देखा कि हम मर रहे या जी रहे।जब भी उससे भारत आने की बात पूछो तो वो उखड़ जाता।वो तो नहीं आता पर जन्मदिन, तीज -त्योहार पर उसके भेजे ऑन लाइन उपहार जरूर आ जाते हैं। पिछले महीने ही तो उसने फ़ूड प्रोसेसर भेजा था, क्या कहती वो... उसके जाने के बाद ज़बान तो क्या ज़िंदगी का स्वाद भी जाता रहा।क्या बनाती और किसके लिए बनाती…


"भाभी!यही घर बच्चों के रहने पर कितना छोटा लगता था।चैन के एक पल के लिए तरस कर रह जाती थी अब यही घर उनके बिना भाय-भाय करता है। बच्चों के रहने पर इस घर की दीवारें भी खिलखिलाती थी पर आज...आप अकेले बोल तो सकते हैं पर बातचीत नहीं कर सकते। आप अकेले आनन्दित तो हो सकते हैं पर उत्सव, तीज-त्योहार नहीं मना सकते। आप अकेले अपने एकांत के साथ मुस्कुरा तो सकते हैं पर ख़ुशियाँ नहीं मना सकते हैं। सच पूछिए तो हम रिश्तों के बिना कुछ भी नहीं है।आपने सही कहा ये मुँह से तो कुछ नहीं कहते पर दिन पर दिन एक अजीब सा चिड़चिड़ापन इनके व्यवहार में आता जा रहा।ये पुरूष बहुत चालक होते हैं, सच कहूँ तो बेचारे होते हैं। ज़िंदगी एक पर्दे की तरह ही तो है, जिसके इस पार वो और उस पर स्त्री रहती है।स्त्रियाँ तो एक बार अपनी दिल की गिरहों को सबके सामने खोल भी देती है पर पुरूष कभी नहीं खोलता अपने मन के किवाड़ों को ...कस कर बन्द कर देता है उन दरवाजों को और लगा देता है पुरुषत्व की साकल...क्योंकि वो नहीं चाहता कि कोई ये जाने वो बन्द दरवाजों के पीछे फैले अंधेरे कमरों में कैसे घुट-घुटकर जीता है।"


"निर्मला भाभी सच कह रही है आप...बच्चे कहने को तो हमसे बहुत दूर चले गए पर उनकी यादें गाहे-बगाहे माँ-बाप के दिल पर सेंध मारती ही रहती हैं।बच्चे ज़िंदगी की दौड़ में इतने आगे निकल चुके हैं कि अपने नीड़ को भी भूल गए पर वो ये नहीं समझते कि रिश्तों की उष्णता बनाये रखना चाहिए कहीं ऐसा न हो कि उनकी छोटी सी अनदेखी रिश्तों के साथ इंसान को भी ठंडा कर दें।बच्चों के घर के पते बदल गए और ऐसे बदले कि उन पतों के पते भी ढूंढना किसी तकनीक के बस की बात नहीं रही…"


शांति जी की आँखें भी न जाने क्या सोचकर भर आईं,


"भाभी जी सब हमारा इंतज़ार कर रहे होंगे,आइए चले…"


निर्मला और शांति हाथ में चाय और नाश्ते की ट्रे लेकर बैठक की ओर चल पड़ी। नया फीचर वाला टी वी पर ऑन लाइन खरीदारी करने वाली कंपनी गला-फाड़-फाड़ कर चिल्ला रही था "इन डिब्बों में क्या है सामान ही तो है अपनों से जुड़े रहने का अरमान ही तो है।" काश अबकी बार ये डिब्बा अपने साथ इस घर की खुशियाँ भी ले आये।निर्मला भाभी की आँखें जिन्हें हमेशा ढूंढती है काश वो भी ये ऑन लाइन वाले घर तक पहुँचा पाते।

परिचय

डॉ. रंजना जायसवाल

एम.ए., पी.एच. डी.(हिंदी साहित्य)

लाल बाग कॉलोनी

छोटी बसही

मिर्जापुर, उत्तर प्रदेश

पिन कोड 231001

मोबाइल न-9415479796

Email address- ranjana1mzp@gmail.com



विधायें - लेख,लघु कथा,कहानी,बाल कहानी,कविता,संस्मरण और व्यंग्य


पुरस्कार- अरुणोदय साहित्य मंच से प्रेमचंद पुरुस्कार

भारत उत्थान न्यास मंच से विशिष्ट वक्ता पुरुस्कार

गृहस्वामिनी अंतराष्ट्रीय और वर्ल्ड राइटर्स फोरम द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में सांत्वना पुरस्कार

श्री हिन्द पब्लिकेशन द्वारा आयोजित कहानी प्रतियोगिता में तृतीय स्थान




दिल्ली एफ एम गोल्ड ,आकाशवाणी वाराणसी,रेडियो जक्शन और आकाशवाणी मुंबई संवादिता से लेख और कहानियों का नियमित प्रकाशन, 


पुरवाई,लेखनी,सहित्यकी, साहित्य कुंज, मोमसप्रेशो,सिंगापुर संगम, अटूट बन्धन,किलोल, नटखट चीनू,मातृभारती और प्रतिलिपि जैसी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ऐप पर कविताओं और कहानियों का प्रकाशन, 


साझा उपन्यास-हाशिये का हक

साझा कहानी संग्रह-पथिक,

ऑरेंज बार पिघलती रही,

द सूप,

सागर की लहरें

पल पल दिल के पास

कथरी

चदरिया झीनी रे झीनी



हरिगन्धा अपरिहार्य,पाखी,अपरिहार्य,

अट्टाहास,अरुणोदय,अहा जिंदगी,सोचविचार,

भारतीय रेल, गोंडवाना भारती, 

नया साहित्य निबन्ध, विपाशा,आधुनिकसाहित्य,लोकमंच,मधुराक्षर,ककसाड़,समावर्तन,मुक्तांचल, समकालीन सांस्कृतिक प्रस्ताव,रचना उत्सव, सहित्यनामा,आलोक पर्व,साहित्य यात्रा,सुखनवर,साहित्य कुंज,साहित्य अमृत,बाल भास्कर,देवपुत्र,बाल भारती, शीतल वाणी,सृजन,विश्वगाथा,पंखुड़ी,साहित्य समर्था,नवल,साहित्य कलश,लोकतंत्र की बुनियाद,अभिदेशक,छत्तीसगढ़ मित्र,अभिनव प्रयास,चाणक्य वार्ता,नया साहित्य निबन्ध,छत्तीसगढ़ मित्र,विभोम स्वर,भाषा स्पंदन, सम्पर्क भाषा भारती,यथावत,नव निकष,अभिदेशक,नारी स्मिता,साहित्य सलिल,

शब्दाहुति,समय सुरभि अनन्त,आलोक पर्व,संगिनी,सरिता,गृहशोभा,गृहलक्ष्मी, नूतन कहानियाँ,सरस सलिल,दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर, अमर उजाला,दैनिक जनप्रिय,हरिभूमि इत्यादि राष्ट्रीय स्तर की पत्र -पत्रिकाओं से लेख,कविताओं और कहानियों का प्रकाशन

रविवार, 30 जनवरी 2022

आलोक मिश्र की कहानी

   चर्चित युवा कथाकार आलोक मिश्र की कहानी




                                            हम भारत के लोग

'हम भारत के लोग, भारत को एक सम्पूर्ण प्रभुत्व-सम्पन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने के लिए, तथा उसके समस्त नागरिकों को :

सामाजिक, आर्थिक और राजनैतिक न्याय,

विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म 
और उपासना की स्वतंत्रता,
 
प्रतिष्ठा और अवसर की समता 
प्राप्त कराने के लिए,

तथा उन सब में व्यक्ति की गरिमा और 
राष्ट्र की एकता और अखंडता 
सुनिश्चित करने वाली बंधुता बढ़ाने के लिए

दृढ़ संकल्प होकर अपनी इस संविधान सभा में आज तारीख 26 नवंबर, 1949 ई को एतद् द्वारा इस संविधान को अंगीकृत, अधिनियमित और आत्मार्पित और करते हैं।'

    आज कक्षा में घुसते ही मनोहर बाबू ने अपनी ही मनोहर लिखावट में लिखी संविधान की उद्देश्यिका का चार्ट क्लासरूम में सामने की दीवार पर टाँग दिया। चार्ट पर उन्होंने प्रभुत्व सम्पन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, गणराज्य, न्याय, स्वतंत्रता, समता, गरिमा, बंधुत्व जैसे कुछ शब्दों को अलग-अलग रंगों से लिखा था। जैसे चाहते हों कि विद्यार्थी इन शब्दों को बड़े ध्यान से पढ़ें। कक्षा की शुरुआत उन्होंने यह बोलते हुए की कि, 'सभी बच्चे पाँच मिनट तक मौन होकर चार्ट पर लिखे को कम से कम दो बार पढ़ें।' इस दौरान वह करीने से लगे डेस्क की पंक्तियों के बीच चहलकदमी करते रहे और सुनिश्चित करते रहे कि हर कोई कम से कम चार्ट की ओर देख रहा हो।

     इस वार्षिक सत्र का यह तीसरा ही सप्ताह था। पहले दो सप्ताह तो मनोहर बाबू ने आठवीं कक्षा के इन विद्यार्थियों के साथ अनौपचारिक बातचीत करने, दाख़िला लेकर आए कुछ नये बच्चों के साथ परिचय लेने-देने और विषय संबंधी सामान्य बातें बताने में ही बिता दिया था। यह भी उनकी शैक्षिक रणनीति का ही हिस्सा था; जिससे कि बच्चे उनसे सहज महसूस कर सकें, वे भी उनके साथ घुल-मिल सकें, सब एक-दूसरे को अच्छी तरह समझ सकें और कक्षा में सीखने का एक बेहतरीन माहौल बन सके। वैसे तो मनोहर बाबू पिछले दो वर्ष से इस क्लास के कक्षा अध्यापक थे। पर पैंतालीस मिनट के पीरियड का ज़्यादातर समय हाज़िरी लेने, विद्यार्थियों की समस्याओं को सुलझाने, ज़रूरत पड़ने पर अभिभावकों को बुलवाने और बातचीत करने, वजीफा बाँटने, बच्चों को समय-समय पर दी जाने वाली स्वास्थ्यवर्धक-रोगनाशक गोलियाँ खिलाने आदि में ही बीत जाता था। इससे वह असंतुष्ट से रहते थे। जब तक वह किसी पाठ को बेहतर ढंग से बच्चों को पढ़ा-समझा न लेते उन्हें चैन नहीं आता था। दूसरी कक्षाओं में केवल विषय पढ़ाने की ज़िम्मेदारी मिली होने से ये काम बख़ूबी हो पाता था, लेकिन इस क्लास में कक्षा-अध्यापक होने की जिम्मेदारी उन्हें उलझाए रहती थी। विद्यालय में ही नहीं बल्कि आसपास के समाज में भी मनोहर बाबू की छवि एक मेहनती, शालीन और अच्छे शिक्षक की थी। सबसे बढ़कर था बच्चों से उनका जुड़ाव। और ये जुड़ाव ही था कि सारे विद्यार्थी उनका भरपूर आदर और सम्मान करते थे। विद्यार्थियों की यह भावना द्विगुणित हो कर उनके अभिभावकों के व्यवहार में भी झलकती थी।
     
       मनोहर बाबू शास्त्री पिछले बाइस वर्षों से शिक्षकीय पेशे में कार्यरत थे। उनका अनुभव और पढ़ाने के प्रति जुनून बेजोड़ था। अभी तक तीन-चार सरकारी स्कूलों में वह अपनी सेवाएँ दे चुके थे। सामाजिक विज्ञान पढ़ाते हुए वह कक्षा में समाज और जीवन की ऐसी जीवंत प्रस्तुति देते थे कि सुनने वाले वाह-वाह कर उठते थे। ऐसे-ऐसे उदाहरण, ऐसी-ऐसी तरकीबें होतीं उनके पास कि पढ़ाई में कमज़ोर से कमज़ोर विद्यार्थी की रुचि भी उनकी कक्षा में जाग जाती। अपनी समझ से वह कभी किसी विद्यार्थी से भेदभाव नहीं करते। उनकी विविधता और गरिमा को बराबर सम्मान देते। ज़रूरत अनुरूप जिसे जैसी मदद चाहिए होती उसके लिए भी प्रस्तुत रहते। मात्र लड़कों का स्कूल होते हुए भी क्लास में वह जेंडर बराबरी की चर्चा बारंबार करते रहते। जातीय-धार्मिक भेदभावों का विरोध करते हुए इन पर समझ ही विकसित नहीं करते बल्कि ऐसा कुछ होते देखकर पुरज़ोर तरीके से वह इसकी मुख़ालफत भी करते। समय पर स्कूल आना-जाना, सामान्यतः कभी किसी भी कक्षा में अनुपस्थित न रहना, ज़िम्मेदारियां उठाना उनकी आदत में शामिल था। यही सब बातें उन्हें सबसे अलग करती थीं और उनके विषय को भी व्यवहारिक व पसंदीदा बनाती थीं।  
     
     तीन-चार मिनट बाद ही बच्चे कसमसाने लगे। मनोहर बाबू को आभास हुआ कि बच्चे चार्ट पर लिखे को पढ़ चुके हैं। सबसे आगे अपनी मेज के पास आकर उन्होंने पूछने के अंदाज़ में कहा, 'आप लोग समझ ही गये होंगे कि आज हम क्या पढ़ने वाले हैं! स्कूल से मिलने वाली किताबें मैंने पिछले हफ़्ते ही आप सबको बाँट दी थीं। देख ली होंगी सबने, या नहीं? नई किताबें तो वैसे भी देखने-पढ़ने का बड़ा मन करता है सबका। या फिर मुफ़्त में मिली होने की वज़ह से आप सबने उन्हें यूँ ही बेकार की चीज़ मानकर बैग में रख भर लिया! हम सब फ्री में मिली चीज़ों की परवाह कम करते हैं न?'
   
      हो सकता है वो कुछ और भी बोलते, पर इससे पहले ही कुछ बच्चों ने बताना शुरू कर दिया। हैदर बोला, 'शायद यह सामाजिक और राजनीतिक जीवन वाली किताब का पहला अध्याय है- संविधान की समझ।' रमेश ने हाँ में हाँ मिलाया, 'हाँ-हाँ, ये उसी पाठ का है।' प्रीतम बोला, 'अरे ये- संविधान की उपदेशिका है। किताबों के पहले पन्ने पर ही लिखी होती है।' हरमन ये सुनकर हंस पड़ा, 'अरे मैंने भी देखा था कल पलटकर। और ये संविधान की उपदेशिका नहीं उद्देशिका है, बच्चू।' कुछ और बच्चे भी हंसने लगे। हालाँकि ज़्यादातर के सिर के ऊपर से ये बातें निकल रहीं थीं। उन्होंने सच में अभी तक किताब के पन्ने पलटकर देखे भी नहीं थे। ऐसे भी उलटने-पलटने से समझ भी क्या आता है! जैसे-जैसे पढ़ाया जाएगा पलट भी लेंगे। ये अलग बात है कि संविधान की ये उद्देशिका उनकी पिछली कक्षाओं की किताबों का भी हिस्सा थीं, जिस पर उन्होंने शायद ही कभी ध्यान दिया हो। हालाँकि छात्रों की इतनी प्रतिक्रियाएं भी मनोहर बाबू के लिए पर्याप्त थीं बात को आगे बढ़ाने के लिए।
      
     अपनी ओजपूर्ण आवाज़ में मनोहर बाबू ने पहले उद्देशिका का अर्थ बताया और फिर चार्ट पर लिखे को पढ़ना शुरू किया। उन्होंने उसमें आए एक-एक शब्द की व्याख्या करनी शुरु की। ऐसा लगने लगा की आज़ादी की लड़ाई के साझे स्वपन और संविधान निर्माताओं की मंशा उनके मुखारविंद से शब्द बनकर झर रहे हों। मानवता के उदात्त मूल्यों से लैस राष्ट्रवाद का तेज उनके मुखमंडल पर चमक रहा था। संप्रभुता को उन्होंने देश द्वारा आंतरिक और बाह्य हर स्तर पर पूर्ण स्वतंत्र व बंधनरहित होकर निर्णय लेने की स्थिति के रूप में उकेरा तो समाजवाद को गरीब-अमीर के बीच भेदभाव मिटाने, अंतर पाटने और बुनियादी ज़रूरतें पूरी करने की संवैधानिक प्रतिबद्धता के रूप में स्पष्ट किया। उनमें से कई के परिवारों को मिलने वाले राशन और कुछ को मिलने वाले वजीफे को भी इसी के उदाहरण के तौर पर उन्होंने समझाया। पंथनिरपेक्षता को वो विविध आस्थाओं, धर्मों के लोगों के बीच सार्वजनिक मूल्य, जीवनमंत्र और सरकार की निष्पक्ष नीति कहकर उकेर रहे थे तो लोकतंत्रात्मक गणराज्य को जनता की असीम सत्ता कहकर समझा रहे थे। वे बता रहे थे कि, 'हम सभी मिलकर सरकारें बदल सकते हैं, हम लोग ही विधायक, सासंद और देश का सर्वोच्च नेता चुनते हैं, राजा-रानी की कहानी खत्म हो चुकी है।'
  
      वे सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय के संवैधानिक आदर्श को व्यवहारिक उदाहरणों से समझा रहे थे। कभी आरक्षण के प्रावधान का उल्लेख कर उसकी व्यवहारिकता पर आ जाते तो कभी किसी-किसी विद्यार्थी से ऐसे समूहों के बारे में पूछते जिन्हें बराबरी पर लाने के लिए विशेष प्रयास किए जाने और सरकारी मदद की ज़रूरत हो। ऐसे कुछ उदाहरण वे खुद भी देते जाते। स्वतंत्रता को प्रकट करते हुए वह बताने लगे कि कितनी मुश्किल से हमें आज़ादी मिली और आज हम सब आज़ाद हैं; अपने काम करने के लिए, बात रखने के लिए, सरकार चुनने के लिए, कहीं भी आने-जाने के लिए, कुछ भी करने के लिए। समानता को बताने के लिए तो उन्होंने अपनी कक्षा का ही उदाहरण सामने रख दिया जहाँ हर विद्यार्थी समान था, किसी के साथ भेदभाव नहीं था, सभी को बराबर के अवसर थे, अभिव्यक्ति की समान आज़ादी थी। व्यक्तियों की गरिमा के बारे में बात करते हुए वे इंसानी गर्व के दर्प से चमक उठे। वे हर एक को महज़ इंसान होने मात्र से अधिकार, सम्मान और आदर का हक़दार बता रहे थे। इन शब्दों पर बात करते हुए वह यह भी दुहराते जाते कि यदि हम उद्देशिका को जान लें तो अपने विस्तृत संविधान और लोकतंत्र को भी समझ पाएँगे।
     
       मनोहर बाबू ने पिछले सत्रों से ही विद्यार्थियों के बीच यह नियम लागू कर रखा था कि जब भी वह कुछ महत्वपूर्ण बता या समझा रहे हों वे सब उसे अपनी काॅपी में नोट करते रहें, भले ही अपने शब्दों में। पीरियड समाप्त होने से पहले अंतिम कुछ मिनट में वह सरसरी तौर पर इसे जांचते भी। सो, हर बच्चा यह काम करता ही क्योंकि किसी को भी काॅपी दिखाने को कहा जा सकता था। आज मनोहर बाबू पढ़ाने की लय में इतने बह गये कि इस परिपाटी का ध्यान न रहा। घंटी बज गई। जाँचकर कुछ देर में लौटाने की बात कहकर उन्होंने कुछ विद्यार्थियों की काॅपी उनके सामने से जल्दी-जल्दी उठा लिया। उन्हें दोनों हाथों में समेटे हुए वह कक्षा से बाहर निकल आए। 
   
      काॅपियां मनोहर बाबू ले तो आए, पर पूरे दिन कामों में ऐसे उलझे कि उन पर नज़र भी न डाल पाए। अगले ही दिन विद्यालय में स्थानीय विधायक जी के आगमन की सूचना मिलने से पूरा विद्यालय घबराहट और भय के मिले-जुले भाव से हिल सा गया था। विधायक जी पिछले महीने ही बनी नई सरकार में बतौर युवा शिक्षामंत्री राज्य कैबिनेट का हिस्सा बने थे, इसलिए दबाव और भी बड़ा था। बेहतरीन अगवानी और मेज़बानी की मंशा से उपजी हड़बड़ाहट विद्यालय प्रमुख सलीम सिद्दीकी जी के चेहरे पर पसीने की बूंदें तैरा दे रही थी। उन्होंने झटपट कुछ शिक्षकों की टीम बना सारी व्यवस्था संभालने और ज़रूरी तैयारी करने का फ़रमान सुना दिया। कक्षाओं में विद्यार्थियों को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने, साफ़-सुथरा ड्रेस पहनकर आने, सारी काॅपी-किताबें लाने को कह दिया गया। आख़िर मंत्री जी कहीं भी किसी भी चीज़ का निरीक्षण कर सकते थे।

       मनोहर बाबू को स्टेज पर अभिनंदन गान के लिए बच्चों की टीम तैयार करने, मंत्री जी की शान में एक प्रशस्ति पत्र लिखने और कहे जाने पर पर उसे अच्छे व भावपूर्ण तरीके से पढ़ दिए जाने का काम दिया गया। वह पूरे दिन इन्हीं सब में उलझे भी रहे। बच्चों के गायन समूह को इकट्ठा कर अभ्यास कराने में ही काफी समय लग गया। वो क्या पूरा विद्यालय ही रोज़मर्रा के काम जैसे-तैसे पूरे करते हुए शिद्दत से तैयारी में लगा रहा। बहुत से छूटे हुए काम सुबह जल्दी आकर पूरा करने की सहमति से छुट्टी की घंटी बजी। लौटते हुए ही स्टाॅफ रूम की अपनी मेज पर रखी उन काॅपियों पर मनोहर बाबू की नज़र पड़ी। देखकर अपनी भूल याद आई, फिर सोचा, 'चलो घर पर देख लूँगा और कल सुबह लौटा दूँगा। आख़िर शुरुआती दो पीरियड के बाद ही मंत्री जी पहुँचेंगे।' उन्हें समेटकर एक झोले में डाला और अपनी कार में रखकर घर चले आए।
     
      रात में खाने-पीने के बाद मनोहर बाबू काॅपियां जाँचने बैठे। सब में बच्चों ने अपनी-अपनी समझ से बातें लिखीं थीं। उनके दिए हुए उदाहरण ही कई ने लिख लिए थे। कुछ ने तो चार्ट पर लिखे हुए शब्दों की ही नकल उतार ली थी। पर इसे भी मनोहर बाबू लिखने का अभ्यास मानकर सही का निशान लगा स्वीकार कर रहे थे। कुछ ने महज़ स्वतंत्रता, समानता, गरिमा, बंधुत्व जैसे शब्द ही लिख रखे थे। इस पर उन्हें कुछ निराशा ज़रूर हो रही थी, लेकिन यह सोचकर कि जब पाठ को आगे और खोलेंगे और उदाहरण प्रस्तुत करेंगे तो ये बच्चे भी समझ बना पाएँगे, वह दूसरी काॅपी पर आ जाते। पर अभी असली हैरानी और उत्सुकता तो अंतिम काॅपी में छिपी बैठी थीं जो हाथ में खुलते ही मनोहर बाबू से चिपक गईं। 
     
      इस काॅपी में एक भी शब्द न लिखा था। बस बच्चे ने आज की तारीख डालकर चित्रकारी की हुई थी। काॅपी पर लिखे नाम से उन्हें बच्चे का चेहरा ध्यान नहीं आया। सोचा, 'शायद किसी नये बच्चे की काॅपी है।' मनोहर बाबू ऐसे शिक्षक थे जो हर विधा में अभिव्यक्ति का अवसर देते और स्वीकारते थे। इसे भी वह समझने का प्रयास करने लगे। हालाँकि वह ज़्यादा कुछ समझ नहीं पा रहे थे। चित्र में क्या है? आड़ी-तिरछी लाइनें, एक-दूसरे को काटती हुईं। पर लाइनों के सिरों पर तीर या भाले की तरह नोक, सब की सब एक बंद गोले की ओर निशाना किये। गोले के अंदर एक इंसानी चेहरा, शायद एक बच्चे का। उसके पास रखी दो पंख जैसी चीज़, बल्कि कटे हुए पंख जैसी चीज़। गोले के बाहर एक किताब, किताब से निकलती किरणें, सारी किरणें एक दिशा में, एक ऊँचे घर की ओर। शायद घर ही सारी रोशनी को अपनी ओर तरफ़ खींच रहा था। 
   
      देखते हुए मनोहर बाबू का सिर चकरा रहा है, कुछ समझ नहीं आ रहा है। क्या है इस चित्र में? वह जानते हैं कि बच्चों के मनोविज्ञान को समझने में उनके बनाए रेखाचित्र कारगर होते हैं। पर इस रेखाचित्र से क्या मतलब निकल रहा है? उन्होंने दुबारा, तिबारा और फिर कई बार देखा। गोले को देखा, तिरछी लाइनों को देखा, किताब और उसकी किरणों को देखा, ऊँचे घर को देखा, सबको एक साथ देखा। जितना देखते, उलझते जाते। कभी लगता '...ये तीर-भाले कहीं मेरी कही बड़ी-बड़ी किताबी बातें ही तो नहीं जो बच्चे को समझ न आने से चुभती हों।' फिर सोचते, '...नहीं ऐसा नहीं है, मेरे पढ़ाने पर कभी किसी विद्यार्थी ने सवाल नहीं उठाया...उल्टे सभी प्रशंसा ही करते हैं। लेकिन ये किताब...ये कैसी किताब है?...ये कैसा घर है?...ये किरणें, ये रोशनी इधर ही क्यों भागी जा रही हैं?...कहीं बच्चे ने किसी भूतिया घर की कल्पना तो नहीं की?'
    
       यह सब सोचते हुए मनोहर बाबू का काफी समय बीत गया। बेटा दूध का गिलास देने आया तो उन्हें पता चला कि रात के ग्यारह बज गये हैं। याद आया कि मंत्री जी की प्रशस्ति लिखने का काम भी अधूरा पड़ा है। काॅपियां समेट उसे निपटाने लगे। फिर सुबह जल्दी विद्यालय पहुँचने की सोचकर सो गये।
      
      आज विद्यालय की चहल-पहल, भाग-दौड़ देखते ही बनती थी। मुख्य द्वार से असेंबली ग्राउंड और स्टेज तक चूने से घुमावदार रेखाएँ खींची जा रही थीं, जो वहाँ पहुँचने का सही मार्ग बताने के साथ-साथ विद्यालय की सुंदरता बढ़ा रही थीं। उनके दोनों किनारों पर स्काउट के विद्यार्थी खेल-शिक्षक गौरव बाल्मीकि जी के निर्देश पर अलग-अलग रंगों के फहराते हुए झंडे गाड़ रहे थे। माली और चौकीदार गमलों को करीने से सजाते हुए पानी का छिड़काव कर उनमें ताज़गी भर रहे थे। कला शिक्षक विनोद रस्तोगी जी मुख्य द्वार, असेंबली ग्राउंड और प्रिंसिपल रूम के आगे रंगोली बनवा चुके थे। प्रिंसिपल साहब सब कामों का निरीक्षण कर रहे थे कि कहीं कोई कमी न रह जाए। कुछ शिक्षकों को प्रत्येक कक्षा में जाकर विद्यार्थियों को उचित निर्देश देने के काम में लगाया गया था। अनुमान था कि शुरुआती दो पीरियड के बाद मंत्री जी पहुंचेंगे। ड्रम की थाप पर कदमताल करते हुए मंत्री जी के स्वागत में हिस्सेदारी के लिए असेंबली ग्राउंड तक विद्यार्थियों को अनुशासित व पंक्तिबद्ध होकर लाने के लिए क्लास माॅनीटरों की प्रैक्टिस कराई जा रही थी। माॅनीटरों को विशेष रूप से सतर्क रहने की हिदायत भी दी जा रही थी। कुछ ही पलों में विद्यालय यूँ सज-संवर गया था जैसे कि बस तैयार होकर कोई दूल्हा घोड़ी पर चढ़ने ही वाला है। बच्चों में आश्चर्य मिश्रित खुसर-पुसर मची हुई थी। इसमें स्कूल की सजावट के प्रति प्रशंसा के साथ-साथ रोज़ ही ऐसा हो पाने की चाह भी शामिल थी।
 
      आज असेंबली ग्राउंड पर होने वाली नित्य प्रार्थना निरस्त करके सभी कक्षा अध्यापकों को क्लास में जाने और बच्चों को उचित निर्देश देकर तैयार करने को कह दिया गया था। काॅपियों से भरा झोला लिए मनोहर बाबू कक्षा में पहुँचे। आते हुए उन्हें फिर वही रेखाचित्र ध्यान हो आया। सोचा क्यों न बच्चे से ही पूछ लिया जाए! हाज़िरी लेने के बाद उन्होंने एक-एक काॅपी उन पर लिखे हुए नाम पुकारते हुए लौटाना शुरू किया। अंत में वही काॅपी उनके हाथ में थी। ऊपर नाम लिखा था 'सोनू'। उन्होंने नाम पुकारते हुए पूरे कमरे को एक साथ देखा और फिर एक जगह नज़रें खुद ही टिक गईं। जहाँ कोने की सबसे अंतिम सीट से एक बालक उठकर मनोहर बाबू की ओर आने लगा था। देखकर उन्हें ध्यान आया कि ये बच्चा तो उसी मज़दूर का है जो इस साल दाख़िले के लिए उनके पास आकर मिन्नतें कर रहा था। कह रहा था, 'साहिब पिछला एक साल बरबाद हो ही गया है। इस साल दाख़िला हो जाएगा तो बच्चा पढ़ पाएगा। नहीं तो ज़िदगी बर्बाद हो जाएगी। पढ़ने में तेज है हमारा सोनू। चाहें तो परीक्षा ले लीजिए।' उसका नाम...हाँ शायद बिरजलाल था। उसकी बातों और मिन्नतों से पिघलकर मनोहर बाबू ने खुद दाख़िले के कुछ ज़रूरी दस्तावेज़ जैसे आधार कार्ड आदि बनवाने में उसकी मदद की थी। बिरजलाल ने बताया था कि उसका बेटा सोनू सातवीं तक गाँव के स्कूल में पढ़ा था। पर पिछली बारिश में एक रात एकाएक आई बाढ़ में घर बह जाने और उसकी पत्नी मालती के डूबकर मर जाने से सब कुछ तबाह हो गया था। बिरजलाल उस समय दिल्ली में मज़दूरी कर कुछ रूपये-पैसे कमाने आया था। ख़बर सुनकर वह टूट सा गया था। वह तो बेटा सोनू था जिसकी वजह से वह जी रहा था। उसकी जिंदगी का उद्देश्य अब यह बालक सोनू ही था, जिसे डूबने से पहले उसकी माँ ने अपनी साड़ी खोलकर पेड़ की झुकी डाल से बाँध दिया था। बस वह खुद को न बचा सकी थी। अगले दिन गाँव वालों ने बिरजलाल को ख़बर दी थी। बदहवास हो वह गाँव को भागा था। पर वहाँ उसके लिए बेटे सोनू के अलावा कुछ न था। वह सोनू को लेकर कुछ दिन बाद दिल्ली लौट आया। वहाँ रहकर भी क्या करता?

    मनोहर बाबू एक पल में ही सोनू के बीते जीवन का जाना हुआ हिस्सा सोच गये। सोनू अब तक उनके नज़दीक आकर खड़ा हो चुका था। धंसी आँखें, सूखी काया, मलिन चेहरा उसकी दशा का दारुण गान करते हुए लग रहे थे। मनोहर बाबू पिछले पंद्रह दिनों के संग-साथ में आज उसे इतने नज़दीक से निहार रहे थे। उनके अंदर इस बिन माँ के बच्चे के लिए दया के सोते फूट रहे थे। पर तभी उन्होनें महसूस किया कि सोनू के शरीर से दुर्गंध आ रही है, जैसे नहाया न हो कई दिनों से। कपड़े भी गंदे थे उसके। मनोहर बाबू के अंतस में फूट रहे दया के सोतों पर वर्गीय झुंझलाहट, शिक्षकीय नैतिकता और स्वभावगत गुस्से का मिला-जुला पत्थर रख उठा। उन्हें कुछ उबकाई सी महसूस हुई। वह चित्र पर बात करना भूल सोनू को थोड़ी दूर होकर खड़े होने का इशारा करने लगे। मुँह से पहला ही वाक्य निकला, 'नहाकर स्कूल क्यों नहीं आते? कपड़े भी इतने गंदे हैं, क्या कल ही साफ़-सुथरा होकर आने को नहीं कहा गया था? ऐसे ही गंदे-संदे स्कूल क्यों चले आए? इतना भी नहीं जानते कि बिना नहाए-धोये, साफ़-सुथरा हुए स्कूल नहीं आते? वैसे भी आज मंत्री जी आ रहे हैं।' एक साथ कई सवाल सुन, और सवाल कम अपमान ज़्यादा महसूस कर सोनू दो-तीन कदम पीछे होकर सिर झुकाए खड़ा हो गया। 
 
     पर बात यहीं ख़त्म नहीं हुई। बात तो आगे बढ़कर कक्षा में बाकी बच्चों तक पहुँच चुकी थी। वे सब सोनू को देखकर हँसने लगे थे। शिक्षक से निकली ये दुत्कार और अपमान रूपी नैतिक निर्देशिका बाकी बच्चों के लिए शह देने वाली मंत्र बन गई। तरह-तरह की बातें होने लगीं-

'ये ऐसे ही है सर।' 
'तभी तो सबसे अलग पीछे बैठता है।' 
'बदबू आती है तो कौन साथ बैठे?'
'कभी किसी से बात भी नहीं करता।'

और भी न जाने क्या-क्या! सारी आवाज़ें सोनू को भी साफ़-साफ़ सुनाई दे रहीं थीं। वह और भी खुद में सिमटता जा रहा था। उसे लगा कि शर्मिंदगी कोई नीचे की ओर जाने वाली सुरंग है जिसमें वह फिसलता जा रहा है। मनोहर बाबू ने तभी एक सवाल और चस्पा कर दिया-

'ये काॅपी में लिखने की बजाय क्या चित्रकारी कर रखी है तुमने? आड़ी-तिरछी लाइनें, बंद गोला, गोले में बच्चा, पंख, किताब, बड़ा-ऊँचा घर, एक तरफ़ जातीं किरणें... क्या है ये सब?'

सहमा-दुबका सोनू न जाने कैसे, ये सवाल सुनते ही पूरी तरह तनकर खड़ा हो गया। वह आधा शरीर क्लास की ओर और आधा मनोहर बाबू की ओर करके बोल उठा, 'ये चित्र ही तो असलियत है सर। बाकी तो सब झूठ है, सफ़ेद झूठ।' कहकर वह चुप मार गया।

मनोहर बाबू कुछ समझ न पाए। 

'सफ़ेद झूठ...मतलब! क्या कहना चाहते हो?'

'यही कि सर, आप जो पढ़ाते हैं, किताबें जो बताती हैं सब झूठ ही तो है। कहाँ है बराबरी? किसकी है गरिमा? महज़ अमीर और साफ़-सुथरे लोगों की न! कौन सी स्वतंत्रता और कौन सी बंधुता की बात कर रहे थे आप? क्या मेरे पिता जी इतने स्वतंत्र हैं कि एक दिन भी ठेकेदार को काम पर आने के लिए मना कर सकें और रविवार की छुट्टी मेरे साथ रह सकें? क्या आपसी भाईचारे और बंधुता की हम जैसों को कोई ज़रूरत नहीं, जो रोज़ चाहकर भी नहा ना सकें?' 

कहते हुए सोनू की धंसी आँखें उभर आईं थीं। उसकी आवाज़ कुछ भर्राई हुई तो थी पर वह पूरे विश्वास के साथ बोल रहा था।

'आपने जो कुछ बताया-पढ़ाया था कल, वो सब झूठ था। कहाँ है ऐसा कुछ?'

इतना कहकर सोनू ने फिर आँखें झुका लीं। बच्चे हैरान थे कि अब तक खुद में खोया और गुमसुम रहने वाला सोनू कैसे इतनी तेवर में शिक्षक के सामने उनकी कही बातों को झूठ और ग़लत बता रहा है। मनोहर बाबू शास्त्री ये सोचकर परेशान हो रहे थे कि 'आख़िर उनके पढ़ाए में सोनू को ऐसा क्या बुरा लग गया? वह किस बात पर इतना नाराज़ है?' उन्होंने फिर कहा-

'सोनू तुम क्या कहना चाहते हो? खुलकर कहो, तुम्हें क्या बात बुरी लगी है? तुमने इस चित्र में क्या बताने की कोशिश की है?' मनोहर बाबू ने सोनू की तरफ़ देखते हुए कहा। इस बार उनकी आवाज़ में वो तुर्शी नहीं थी।

'सर आप बहुत अच्छे टीचर हैं। सब आपको पसंद करते हैं। आप पढ़ाते भी अच्छा हैं। बच्चों की बात भी सुनते हैं, इसलिए कह पा रहा हूँ। शायद...आपको आज तक किसी ने बताया नहीं, पर आप पढ़ाते हुए कई बार कुछ ऐसा भी बोल जाते हैं जो अच्छा नहीं लगता। जाने-अंजाने दिल दुखाने वाली बातें भी करते हैं या ऐसा होता देख कुछ कहते नहीं हैं।'

   मनोहर बाबू हतप्रभ हो सोनू को देख रहे थे। उन्हें विश्वास नहीं हो पा रहा था अपने बारे में कही जा रही ऐसी बात पर। आज तक लोगों ने तो उन्हें बेहतरीन इंसान और शानदार शिक्षक के रूप में ही देखा-समझा है। उन्हें अपमान न भी सही पर अपने मान के प्रति ये बात जंच नहीं रही थी। 'फिर ये कुछ ही दिन पहले आये बालक ने मेरे बारे में ऐसा क्या देख-सुन और समझ लिया जो ऐसी बातें कह रहा है।' इस उधेड़बुन में वह इतना ही कह पाए कि- 'जैसे...'

   सोनू ने उनकी आँखों में आँखें डालकर कहा, 'क्या कल आपने ये शक नहीं जताया कि किताबें हमें मुफ़्त में मिली हैं इसलिए हम उनकी कद्र नहीं कर रहे होंगे?'

मनोहर बाबू ने दिमाग़ पर ज़ोर देते हुए कहा, 'हाँ, कहा था।'

'सर, आपको लगता है कि दुनिया में कोई चीज़ मुफ़्त में मिलती है? सरकार किसी भी गरीब को बस बैठे-बिठाये कुछ दे देती है? ऐसा नहीं है। मैंने अपने पिता जी को हमेशा मेहनत करते हुए और काम में डूबे देखा है। इसके बदले उन्हें ठेकेदार बहुत कम रूपये देता है, जबकि वह कागज़ पर अधिक तनख्वाह देने की बात कहकर उनका अंगूठा लगवाता है। मेरी माँ भी बहुत मेहनती थी। दूसरों के खेत में काम करती थी। पर बदले में बहुत कम मिलता था। दोनों मिलकर एक ढंग का घर न बना सके इतनी मेहनत के बावज़ूद। बड़ी मुश्किल से नदी के किनारे की बंजर पर फूस डाल पाये थे वो दोनों। ज़िंदगी फिर भी चल रही थी। पर...वो घर भी उस रात की बारिश और बाढ़ में जाने कहाँ गया...माँ भी छोड़ गई।...उस रात माँ बहुत लड़ी थी सर। घर को बहते देख भी उसने मदद की गुहार नहीं लगाई। क्यों...क्योंकि उसे मदद मिलने उम्मीद ही नहीं थी। हमें छूने से भी कतराने वाले लोग हमारी चिंता क्यों करते, हमें क्यों बचाते? उसने बहुत जूझकर अकेले ही मुझे बचाया। पर खुद न बच सकी...मेरी आँखों के सामने ही वह पानी में बहती चली गई बहुत दूर...सबसे दूर।' उसकी आवाज़ में एक नमी सी पैदा होने लगी थी। यूँ लगा कि जैसे सोनू पानी के बीच खड़ी कच्ची भीत की तरह भरभरा कर गिर रहा हो। एक गहरी आद्रता से पूरा कमरा भर सा गया।

'क्या इतने मेहनती लोगों के बच्चों को मुफ़्त में किताबें मिलने को मुफ़्त कहा जा सकता है? क्या उनकी मेहनत का इतना भी फल उन्हें नहीं मिलना चाहिए? क्या इतनी मेहनत से मिले हुए की बेइज्ज़ती कोई कर सकता है? क्या ये दुनिया गरीबों-मज़दूरों के मेहनत से नहीं चल रही? कुछ लोग तो कुछ भी नहीं करते, फिर भी सबकुछ उनके पास होता है, क्यों?' लग रहा था कि अब सवाल पूछने की बारी सोनू की है। लेकिन ये सब कहते हुए सोनू सिसक पड़ा। लगा जैसे रोककर रखने की कोशिश में टिका बाँध अंततः टूट गया हो। माँ बहुत याद आने लगी थी उसे। मनोहर बाबू भी के चेहरे पर हैरानी धूप के टुकड़े की तरह साफ़-साफ़ उभर आई थी। पर कुछ सेकेंड में ही सोनू को यह लगने लगा कि 'प्रवाह में वह कुछ ज़्यादा बोल गया है। सर नाराज़ हो गये होंगे।' वह मनोहर बाबू की ओर देखने लगा।

     कक्षा में सन्नाटा पसर गया था। बच्चे बुत बने बैठे थे। कुछ को तो अभी भी बात समझ नहीं आ रही थी। मनोहर बाबू को लग रहा था कि वर्षों बाद आज वह किसी काॅलेज की कक्षा में बुज़ुर्ग प्राध्यापक के मुँह से सामाजिक विज्ञान के मूलभूत सिद्धांतों का व्यवहारिक आख्यान सुन रहे हों। वह सोनू की बातों में पूरी तरह डूब चुके थे। उसे सिसकता देख उसके नज़दीक अपनी कुर्सी खिसका लाये और अपनी पानी की बोतल सोनू की ओर बढ़ा दिया। मानो कह रहे हों कि, 'सोनू, तुम बोलते रहो, मैं सुन रहा हूँ।'
     सोनू ने पानी तो नहीं पिया पर मनोहर बाबू को यूँ देख खुद को संभाल लिया। उचित माहौल जान उसने फिर बोलना शुरू कर दिया-

'सर, मैं रोज़ नहीं नहाता। कपड़े भी साफ़-सुथरे पहनकर नहीं आ पाता। मुझे पता है गंदे होने की वज़ह से मुझसे गंध आती है इसलिए कोई मेरे पास नहीं बैठता। आप ने भी तो मुझे खुद से दूर कर दिया है, मुझे पसंद नहीं कर पा रहे हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं ऐसा क्यों है?'

    सोनू की बातों से कक्षा में जैसे कोई जादू छाता जा रहा था। सब उसकी ओर कान लगाए हुए थे। मनोहर बाबू तो कुछ ज़्यादा ही, क्योंकि आज वो कुछ अलग सुन रहे थे- खुद के बारे में, अपनी समझ के बारे में, अपने पढ़ाने के बारे में, अपनी कक्षा के बारे में, एक अनदेखे संसार के बारे में। एक बच्चा उन्हें आइना दिखा रहा था। उन्हें यह बालक साक्षात किसी नचिकेता की तरह मालूम हो रहा था जो मृत्यु के बाद के जीवन की नहीं, इसी ज़िंदगी की पड़ताल कर रहा था।

'जहाँ मैं अपने बापू के साथ किराए पर रहता हूँ वहाँ के चौदह कमरों में रहने वाले चौदह परिवारों के लिए बस एक शौचालय और एक गूसलखाना है। सुबह स्कूल आने से पहले शौच के लिए नंबर आना ही मुश्किल होता है। ऊपर से पानी की सप्लाई भी सुबह दो-तीन घंटे ही होती है...आपके एरिए में तो चौबोस घंटे पानी आता है ना सर! इसलिए आप नहीं समझ सकते कि हमारे लिए रोज़ नहाने की बात सोच पाना भी कितना मुश्किल होता है। ये काम इतवार को ही कर पाता हूँ, वो भी मुश्किल से। इस बार कोशिश के बावज़ूद नहीं नहा पाया। जब तक नंबर आया तब तक पानी आना बंद। हमारे पास पानी इकट्ठा करने के लिए ज़्यादा बर्तन भी नहीं। वहाँ हम रहते इसलिए हैं क्योंकि इससे बेहतर जगह का किराया हम नहीं दे सकते। बापू को भी सुबह काम पर जाने की जल्दी होती है। देरी होने पर ठेकेदार लोगों को नौकरी से हटा जो देता है। फिर मुझे सुबह खाना बनाने में उनकी मदद भी करनी पड़ती है। कपड़े कैसे साफ़ हो पाएँ रोज़?'
    
     मनोहर बाबू अंजाने ही सोनू के साथ किए गये अपने भेदभाव पूर्ण व्यवहार पर शर्मिंदा अनुभव कर रहे थे। उनका एक हाथ अनायास ही सोनू के कंधे पर पहुँच चुका था, आँखें पनीली हो चुकी थीं। उन्होंने कहा, 'सोनू, तुम्हारी बातें बहुत सच्ची हैं। मुझसे और हम सभी से चीज़ों और परिस्थितियों को समझने में ग़लती हुई है। मेरे साथ-साथ तुम्हारे साथियों ने भी तुम्हारे साथ ग़लत व्यवहार किया है। क्या तुम हमें माफ़ कर पाओगे?' ऐसा कहते हुए मनोहर बाबू कंधा झुकाये क्षमा प्रार्थी होने की मुद्रा में आ गये। कुछ बच्चे जो कमोबेश सोनू जैसी स्थितियों से ही जुड़े थे, उन्हें सोनू में अपना चेहरा दिखने लगा था। सभी को उससे पूरी समानुभूति हो रही थी।

    सोनू ने दोनों हाथ जोड़ कर कहा, 'सर, कल आप समानता, स्वतंत्रता, बंधुता और गरिमा जैसी बातें बता रहे थे और कह रहे थे कि हमारे संविधान ने हम सबके लिए ऐसे देश और समाज की ही कल्पना की है। इसके लिए ही हम सबको कोशिश करनी चाहिए। पर क्या ये बड़े-बड़े शब्द हम गरीब-गुरबों के लिए भी कुछ अर्थ रखते हैं? क्या इन पर हमारा भी हक है? बहुत से लोगों को सुख-सुविधाएं हासिल न हों तो क्या ये सबकी, सरकार की और देश की असफलता नहीं है? आख़िर संविधान के ये मूल्य कुछ लोगों के लिए ही क्यों हैं? आपने लोकतंत्र में जनता को सर्वशक्तिमान बताया था, फिर एक मंत्री के आने की ख़बर से ही सब सहज क्यों नहीं हैं? क्यों आज पूरा स्कूल उनको खुश करने की कोशिश में परेशान सा है? आप मेरे शिक्षक हैं। मैं आपका आदर करता हूँ। पर मुझे जो अनुभव हुआ और जैसा लगा वो मैंने आपको बताया। मैं ये सब इसलिए ही कह पाया क्योंकि आप सच में अच्छे शिक्षक हैं। इस अच्छाई को मैं भी पाना चाहता हूँ। उम्मीद है कि बिना भेदभाव ये मुझ तक पहुंचेगी भी। सिर्फ़ अलग होने या गरीब होने की वजह से मैं आपके प्यार और इन सबकी दोस्तियों से मरहूम नहीं होना चाहता।' सोनू की आँखों से फिर से आँसू आ गये थे।
    
     मनोहर बाबू को आज अपनी ही सीमाएँ एक बालक के मुँह से सुनते हुए जैसा लग रहा था, उसे वह व्यक्त नहीं कर सकते थे। यह शर्मिंदगी नहीं थी, ज्ञान को प्रस्फुटन था। ऐसा ज्ञान जो उन्हें बड़ी-बड़ी किताबें, बड़ी-बड़ी डिग्रियां न दे सकीं थीं। उनके हृदय में अंजाने ही वर्षों से जम चुकी परफेक्ट शिक्षक और इंसान होने की अपनी ही छवि दरक रही थी। दबे-ढके रूप में जम चुके अभिमान का गलेश्यिर पिघल रहा था। उनकी सारी मलिनता धुली जा रही थी। वह खुद में ही डूब-उतरा रहे थे। यह बालक ही उन्हें आज बचा सकता था। मनोहर बाबू का मन अभी भरा नहीं था उसे सुनकर। रुंधे गले से वह चित्र पर पूछने को हुए ही थे कि उन्हें महसूस हुआ कि ये सब उस चित्र की व्याख्या ही तो थी। वह बंद गोला गरीबी-मज़बूरी, जातीय भेदभाव से बनी परिस्थितियों की कैद ही तो है जिसमें घिरे सोनू जैसे बच्चों के पंख कटे हुए हैं। 'इन्हें हमारी ज़रूरत है...नहीं, नहीं हमें इनकी ज़रूरत है...अरे नहीं, हम सबको ही एक-दूसरे की ज़रूरत है!'...गोले के बाहर की वो किताब...वो संविधान है...उसकी रोशनी से ऊँचे घर, अमीर ही नहीं सब रोशन हों, हम सबको ये कोशिश करनी होगी। मनोहर बाबू के हृदय स्थल पर वह चित्र पूरी तरह खुल चुका था। वह उस कला के सम्मोहन में बिंध चुके थे। उसके संदेश में डूब चुके थे। आज समय का किसी को भी पता ही नहीं चला और घंटी बज गई। उसी सम्मोहन में बिंधे मनोहर बाबू स्टाॅफ रूम की ओर आ गये। उनकी आँखें नम थीं, हृदय प्रफुल्लित था, शरीर रोमांचित और आत्मा प्रसन्न थी। आज वह बहुत हल्का महसूस कर रहे थे। मान-अभिमान का कलेवर उतर चुका था, बस इंसान होने की अनुभूति हिलोरें मार रही थीं।
         मंत्री जी का काफ़िला विद्यालय में प्रवेश कर चुका था। असेंबली ग्राउंड के सजे हुए स्टेज पर वह बैठाये जा चुके थे। पंक्तिबद्ध हो ड्रम की थाप पर कदमताल करते बच्चे आकर अनुशासन के साथ बैठ गये थे। सभी शिक्षक अपनी-अपनी ज़िम्मेदारियों के साथ तैनात थे। प्रिंसिपल साहब ने स्वागत वक्तव्य दिया। विद्यार्थियों के समूह ने अभिनंदन गान गाया। प्रिंसिपल साहब ने मनोहर बाबू को प्रशस्ति पत्र पढ़ने को कहा। मनोहर बाबू स्टेज की ओर बढ़े। स्टेज पर चढ़कर माइक थामने को हुए ही थे कि मंत्री जी ने खुद माइक पकड़ लिया। बोले, 'इससे पहले कि मेरे बारे में कुछ कहा जाए, मैं कुछ कहना चाहता हूँ। दरअसल मैं आज किसी उद्देश्य से यहाँ आया हूँ। आज से उन्नीस-बीस वर्ष पहले मैं जिस स्कूल में पढ़ता था वहाँ के एक शिक्षक महोदय के पढ़ाये पाठ मेरे बहुत काम आये। आज भी वे मुझे याद आते हैं। उन्होंने मुझे सबसे ज़्यादा प्रभावित किया। उन जैसा शिक्षक मैंने जीवन में दूसरा नहीं देखा। वह केवल हमें पढ़ाते नहीं थे बल्कि हमें भी बराबर सुनते थे। वह हमारे ऐसे शिक्षक थे जिन्होंने दोस्त बनकर जीवन का अनमोल पाठ पढ़ाया। मैंने शिक्षामंत्री बनते ही पता कराया तो पता चला कि आजकल वो यहाँ पढ़ाते हैं। एक शिक्षक से तो हर साल बहुत से विद्यार्थी मिलते हैं, बिछड़ते हैं। शायद उन्हें मेरी याद भी न हो। पर उनकी तस्वीर मेरे दिलो-दिमाग में आज भी अंकित है। एक विद्यार्थी अपने शिक्षक को नहीं भूलता। वह उन्हें ताउम्र पहचानता है। मैं चाहता हूँ कि सब शिक्षक वैसे ही हों। आज इस विद्यालय में घुसने के बाद से अब तक भी वह मुझे वैसे ही काम में जुटे हुए दिख रहे हैं जैसे मैं उन्हें उस समय देखता था- पूरी तरह डूबे हुए और मग्न। वैसे तो आप भी उन्हें ऐसे ही जानते होंगे। पर क्या आप मेरे मुँह से उनका नाम सुनना चाहते हैं?'

एक स्वर में आवाज़ आई- 'हाँ'।

'वो और कोई नहीं; मेरे, आपके और हम सबके मनोहर बाबू सर हैं। मुझे विश्वास है कि आज वे मेरे बारे में जो कुछ कहते वो एक मंत्री के बारे में कहते। मुझे वह सब सुनने में कोई रुचि नहीं है। मैं तो स्वयं उन्हें आभार व्यक्त करने, सम्मान देने आया हूँ।' मंत्री साहब ने इशारा किया तो उनके साथ आए व्यक्तियों में से एक चमकदार ट्राॅफी और अंगवस्त्र ले आया। आगे बढ़कर मंत्री साहब ने मनोहर बाबू के हाथों में ट्राॅफी पकड़ाया, उनके कंधे पर सम्मान सूचक अंगवस्त्र डाल दिया, झुक कर पैरों की ओर हाथ बढ़ा दिए। मनोहर बाबू तो जैसे समझ ही नहीं पा रहे थे कि क्या प्रतिक्रिया दें। बस उनकी आँखें डबडबा आईं थीं। वह आह्लादित थे। उन्होंने मंत्री जी को गले लगा लिया। मंत्री जी बोले, 'सर, मैं रामनगर स्कूल में सन् 2000 में आपका छात्र था।' मनोहर बाबू युवा मंत्री के चेहरे को ध्यान से देखने लगे। उन्हें एक ही दिन में दो-दो पुरस्कार मिल गये थे। एक होनहार शिष्य जो सफल होकर लौटा था और दूसरा उनकी कक्षा में बैठा शिष्य रूपी गुरु, जिसने एक झटके में ही उन्हें जीवन का अनमोल पाठ पढ़ा दिया था।
   
    इस बीच मंत्री जी ने स्वयं ही माइक मनोहर बाबू को पकड़ा कर कुछ बोलने का अनुरोध किया। मनोहर बाबू ने माइक पकड़ तो लिया पर आज पहली बार भावुकतावश उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि कैसे शुरुआत करें। उनका गला रुंधा हुआ था। फिर भी उन्होंने बोलना शुरू किया।

'विद्यार्थी की सफलता का श्रेय उसके शिक्षक को दिए जाने की परंपरा रही है। विद्यार्थी अपने शिक्षकों का मान रखने के लिए भी ये श्रेय उन्हें देते हैं। पर इसमें उनकी अपनी मेहनत और प्रयासों का फल ज़्यादा होता है। मंत्री जी जैसे होनहार विद्यार्थी तो किसी भी शिक्षक का गर्व होते हैं जो अपने शिक्षक से भी बहुत आगे निकल जाते हैं। लेकिन आगे निकल कर भी वे पीछे छूट गये लोगों को भूलते नहीं। उन्हें याद करते हैं, अपनी यात्रा में शामिल करते हैं, उन्हें गौरवान्वित करते हैं। काश! हम सब ही ये काम कर पाते हैं कि अपने आस-पास, अपने समाज में पीछे छूट गये, वंचित रहे गये, पददलित किए जा चुके लोगों को साथ लेकर चल सकते। ऐसी व्यवस्था बना पाते कि सबको उनका श्रेय मिल सकता, मेहनत का उचित फल मिल पाता। हमारी लोकतांत्रिक सरकारें भी क्यों अक्सर राजशाही वाले रौब के साथ दिखाई देती हैं? क्यों हमने एक संविधान, एक देश और अपनी सरकार होते हुए भी इंसान-इंसान के बीच भेदभाव फैला रखा है? क्यों अलग स्थितियों में रह रहे और अलग पहचान वाले लोगों से हम सहज नहीं होते, अन्याय करते हैं? हम भारत के लोग ही अपने संविधान की उद्देशिका में लिखे अपने ही संकल्पों से विमुख क्यों हो जाते हैं?'

ऐसा लग रहा था बोलते-बोलते मनोहर बाबू सोनू हुए जा रहे थे। कम से कम उनकी आठवीं कक्षा के सभी विद्यार्थियों को तो ज़रूर ऐसा ही लग रहा था। वे उन्हीं बातों को दुहरा रहे थे जिसे आज सोनू ने उन्हें कक्षा में बड़ी आसानी से पढ़ाया था।

'इतने वर्षों से बच्चों को पढ़ाते हुए मैंने समानता, न्याय, बंधुत्व, गरिमा जैसी बड़ी-बड़ी बातें जीवन में अपनाने की सीख दी। पर क्या मैं खुद सीख पाया ये सब! शायद नहीं! बहुत से लोगों को लगता है कि मैं इन मूल्यों को जीता हूँ। मुझे भी ऐसा ही लगता था। आज तक मुझे लोगों ने ऐसा ही एहसास भी कराया था। लेकिन आज एक विद्यार्थी ने मेरी आँखें खोल दी हैं। उसने हमें बताया कि हरदम खुद पर सवाल उठाते रहना चाहिए। अपनी भाषा, अपनी संवेदना को तराशते रहना चाहिए। लोगों से सिर्फ़ शब्दों से नहीं मन से जुड़ना चाहिए। सरकारों को भी लोगों को भरपूर सहायता और अवसर देकर समानता और न्याय को सुनिश्चित करते रहना चाहिए। तभी तो देश और समाज सुंदर बन पाएँगे। मंत्री साहब से मैं अनुरोध करूँगा कि सबके लिए मुफ़्त और अच्छी शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए जी जान से काम करें। इस एक काम से संविधान के सपनों को पूरा होने की उम्मीद कई गुना बढ़ जाएगी। एक शिक्षक की अपने शिष्य से, एक नागरिक की अपने सरकार से यह अपेक्षा है। आज मैं अपने एक और विद्यार्थी से आप सबको मिलवाना चाहता हूँ जो कुछ अलग है, खास है और बहुत अच्छा है।'

मनोहर बाबू बोलते-बोलते स्टेज से नीचे उतर आए। आठवीं कक्षा की पंक्ति में खड़े सोनू के पास जाकर बोले, 'सोनू, आज तुम्हारी बातों ने मुझे बहुत प्रभावित किया है। मुझे मंत्री जी के साथ-साथ तुम पर भी गर्व है। जो सम्मान मंत्री जी ने मुझे दिया है, उसे मैं तुम्हें समर्पित करना चाहता हूँ। सब कहते हैं कि विद्यार्थी शिक्षक का आइना होते हैं। मैं कहता हूँ कि तुम जैसे विद्यार्थी तो किसी शिक्षक के भी शिक्षक होते हैं। तुमने मुझे और मेरी कक्षा को जो अनमोल ज्ञान दिया है, उसके प्रति हम तुम्हारे आभारी रहेंगे। मैं तुम्हारा पढ़ाया पाठ कभी नहीं भूलूंगा।' यह कहकर उन्होंने ट्राॅफी सोनू के हाथों की ओर बढ़ा दिया। सोनू और मनोहर एक-दूसरे के गले लग गये। पूरा वातावरण स्नेह और प्यार के सुगंध से भर गया। आश्चर्य मिश्रित तालियों की गड़गड़ाहट से आसमान गूँज उठा।

आलोक कुमार मिश्रा 

    



परिचय:- 

आलोक कुमार मिश्रा 

उत्तर प्रदेश के जिला- सिद्धार्थनगर, ग्राम- लोहटा में सन् 1984 में एक साधारण किसान परिवार में जन्म।

लेखक पेशे से शिक्षक हैं। दिल्ली के एससीईआरटी में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर प्रतिनियुक्ति प्राप्त है। समसामयिक और शैक्षिक मुद्दों पर लिखते हैं। कविता, कहानी लेखन में भी रुचि है। अभी तक एक कविता संग्रह 'मैं सीखता हूँ बच्चों से जीवन की भाषा' बोधि प्रकाशन (2019) से और एक बाल कविता संग्रह 'क्यों तुम सा हो जाऊँ मैं' प्रलेक प्रकाशन (2021) से प्रकाशित हो चुके हैं। सभी महत्वपूर्ण पत्रिकाओं में भी समय-समय पर रचनाएँ प्रकाशित होती रहती हैं। 
 
मोबाइल नंबर- 9818455879
ईमेल- alokkumardu@gmail.com

ट्विटर अकाउंट- @AlokMishra1206